मेरठ में चाइनीज मांझे का कहर, बाइक सवार युवक की गर्दन कटी
मेरठ। प्रतिबंध के बावजूद मेरठ में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार को नौचंदी थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 17 वर्षीय युवक आहद गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे से उसकी गर्दन में गहरा कट लग गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हापुड़ रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा
मामला नौचंदी थाना क्षेत्र के करीमनगर का है। रविवार दोपहर आहद अपनी मां जीनत के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोनों खरीदारी के लिए भगत सिंह मार्केट गए थे। हापुड़ रोड पर अपेक्स हॉस्पिटल के पास अचानक पतंग का चाइनीज मांझा आहद की गर्दन में फंस गया।
बाइक की रफ्तार होने के कारण मांझा गर्दन में तेजी से खिंच गया और उसकी गर्दन कट गई। हादसे के बाद आहद बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। पीछे बैठी उसकी मां ने बेटे की गर्दन से खून निकलते देखा तो वह घबरा गईं और मदद के लिए चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद आहद की मां जीनत का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि चाइनीज मांझे पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए, ताकि किसी और परिवार को इस तरह की घटना का सामना न करना पड़े।
आहद की गर्दन में मांझे से गंभीर चोट आई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार के मुताबिक हादसा अचानक हुआ और कुछ ही पल में मांझे ने युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे हादसे
मेरठ में चाइनीज मांझे से लोगों के घायल होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हाल के दिनों में भी शहर में बाइक सवारों के मांझे की चपेट में आने की घटनाएं सामने आई हैं। 3 अक्टूबर को करीमनगर इलाके में एक ठेकेदार के हाथ के मांझे से कटने की भी खबर सामने आई थी।
इसके अलावा रविवार को मेरठ में एक दूधिया भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हुआ। बुढ़ाना गेट के पास हुए हादसे में उसकी गर्दन पर गहरा जख्म आया।
प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर सवाल
चाइनीज मांझा बेहद धारदार होने के कारण सड़क पर चलने वाले बाइक सवारों और पैदल लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके इस्तेमाल और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद इसके बाजार में उपलब्ध होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की जरूरत है। लोगों की मांग है कि प्रशासन और पुलिस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


