ऐप पर पढ़ें
Mumbai Hit and Run Case: मुंबई के हिट एंड रन (BMW Hit and Run) केस में जांच जारी है। इसी बीच खबर है कि पुलिस की रडार पर कथित आरोपी मिहिर शाह की गर्लफ्रेंड भी आ गई है। पुलिस को शक है कि घटना के बाद महिला ने आरोपी के छिपाने की कोशिश की थी। हालांकि, इसे लेकर पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। इधर, पुलिस को मिहिर की भी तलाश है।
कथित आरोपी 24 वर्षीय मिहिर शाह शिवसेना के वरिष्ठ नेता राजेश का बेटा है। ऐसा माना जाता है कि राजेश शाह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी हैं। हालांकि, शिंदे ने साफ किया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, फिर वह चाहे किसी भी पार्टी से हो। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को शक है कि आरोपी की गर्लफ्रेंड ने उसे छिपाने में मदद की होगी।
कौन है मिहिर शाह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के समत मिहिर कथित तौर पर वाहन चला रहा था। उस दौरान उसके साथ ड्राइवर राजश्री बिदवार भी मौजूद था। मिहिर कितना पढ़ा लिखा है, यह अब तक साफ नहीं है, लेकिन खबरें हैं कि उसने सिर्फ कक्षा 10वीं तक पढ़ाई की है। वह अपने पिता के कारोबार में मदद करता है। पिता राजेश शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ऑटो से भागा
हादसे के बाद BMW कार बांद्रा पूर्व इलाके के कला नगर में मिली है। कहा जा रहा है कि घटना के बाद वह ऑटो रिक्शॉ से भाग गया था। उसके साथ बिदावर ने भी रिक्शॉ लिया और भागकर बोरिविली आ गए थे। खबरें ये भी हैं कि घटना से पहले आरोपी ने जुहू के एक बार में शराब पी थी और घर लौट रहा था। इस दौरान ही उसने स्कूटर को टक्कर मार दी थी।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान कावेरी नखावा के तौर पर हुई है। हादसे में घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

Comments are closed.