Moga:कांवड़ियों की गाड़ी को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, आरोपी को लेने आई पुलिस ने विरोध पर चलाई लाठियां – Car Hit Kanwariyas Vehicle Going From Haridwar To Baghapurana In Moga

मोगा में देर रात हंगामा
– फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
मोगा में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे चिड़िक रोड बाईपास के पास एक पुलिस मुलाजिम की तेज रफ्तार गाड़ी ने हरिद्वार से कांवड़ लेकर बाघापुराना जा रहे कांवड़ियों की गाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें तीन कांवड़िए जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से कांवड़ लेकर कुछ लोग गाड़ी में बाघापुराना की तरफ आ रहे थे। गाड़ी में डीजे चल रहा था और कुछ लोग गाड़ी में तो कुछ लोग पैदल चल रहे थे। देर रात लगभग एक बजे जब कांवड़ियों की गाड़ी चिड़िक रोड बाईपास पर पहुंची तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने कांवड़ियों की गाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें पैदल चल रहे लोगों को चोट आई।
यह भी पढ़ें: Punjab: बंबीहा गैंग का गुर्गा सुरिंदर पाल बिल्ला अस्पताल से फरार, यहीं पर दाखिल है कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई
घटना के बाद लोगों ने मौके पर ही आरोपी कार चालक की पकड़ कर पिटाई कर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले जाने लगी। लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो पुलिस और कांवड़ियों के बीच धक्का मुक्की भी हुई।
जब कांवड़िए नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर हवाई फायर कर दिया। कांवड़ लेकर जा रहे लोगों ने कहा कि आरोपी कार चालक ने तेज रफ्तार से आकर पीछे से कांवड़ियों की गाड़ी को टक्कर मार दी जिसमें तीन लोगों को चोट आई। हंगामे के बाद पुलिस ने कांवडियों को हिरासत में लिया। वहीं घायलों को इलाज के लिए मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।


Comments are closed.