Mp News: Former President Of Sri Lanka Reached Mandu, Visited Historical Palaces – Amar Ujala Hindi News Live

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति ने मांडू का भ्रमण किया।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मांडू में शनिवार को श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भ्रमण किया। वे सड़क मार्ग से मांडू पहुंचे, जहां स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनकी यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।
पूर्व राष्ट्रपति ने मांडू के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। सबसे पहले उन्होंने रानी रूपमती महल का दौरा किया और गाइड की सहायता से मांडू के शताब्दियों पुराने गौरवशाली इतिहास को जाना। ऐतिहासिक इमारतों की वास्तुकला और उनके सांस्कृतिक महत्व को देखकर विक्रमसिंघे अत्यंत प्रसन्न नजर आए।
इसके बाद उन्होंने बाज बहादुर महल और जहाज महल का भी भ्रमण किया। जहाज महल के दौरे के समय केंद्रीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारी भी मौजूद रहे। विक्रमसिंघे ने मांडू की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहरों की सराहना की।
पूर्व राष्ट्रपति की इस यात्रा से मांडू की ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलने की उम्मीद है। मांडू, जो अपनी अद्वितीय वास्तुकला और प्रेम कहानियों के लिए प्रसिद्ध है, ने श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति पर गहरी छाप छोड़ी।
इस विशेष अवसर ने न केवल मांडू के गौरव को बढ़ाया, बल्कि भारतीय और श्रीलंकाई सांस्कृतिक संबंधों को भी सुदृढ़ किया।

Comments are closed.