Mp News: Vd Countered On Umang Singhar’s Allegation, Said – Do Not Spread Sensation By Lying, Give Evidence – Amar Ujala Hindi News Live – Mp News:उमंग सिंघार के आरोप पर वीडी का पलटवार, बोले

उमंग सिंघार और वीडी शर्मा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी कुनीतियों को छुपाने के लिए अपने ही पूर्व साथियों को बिकाऊ कहकर अपमानित कर रही है, यह कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। नेता प्रतिपक्ष विधानसभा उपचुनाव के दौरान राजनैतिक सनसनी फैलाकर एवं झूठे बयान देकर अपने आपको प्रासंगिक बना रहे हैं। कांग्रेस के इसी अपमान के कारण उनके कई साथी उन्हें छोड़कर अन्य पार्टियों में जा चुके हैं या उनके नेता घर बैठ गए हैं। इस तरह के तथ्यहीन एवं सत्यहीन बयान देना उनके पद की गरिमा को शोभा नहीं देता है, यह उनकी नैतिक पतन की पराकाष्ठा है।
शर्मा ने कहा कि सिंघार बताएं कि उनको कब, कैसे, किसने और कहां खरीदने का ऑफर दिया, नहीं तो यह सिर्फ राजनैतिक सनसनी फैलाने का असफल प्रयास होगा। शर्मा ने कहा कि उमंग सिंघार अपने ही पूर्व नेताओं को बिकाऊ कह रहे हैं तो उन्हें सबूत पेश करना चाहिए। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष यह सिर्फ भ्रम फैलाने के लिए और सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। गुटों में बंट चुकी कांग्रेस को पहले अपने नेताओं का मान सम्मान करना चाहिए, जो कांग्रेस की कार्यकारिणी आने के बाद अलग थलग पड़े हुए है।
बता दें, मध्य प्रदेश के बुधनी और विजयपुर उपचुनावों के बीच भाजपा पर कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गंभीर आरोप लगाए है। सिंघार बोले में जनता के विश्वास का सौदा नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनको 50 करोड़ और कैबिनेट मंत्री बनने का ऑफर दिया गया था। उन्होंने कहा कि रामनिवास रावत भाजपा में क्यों गए? यह हम सभी जानते हैं। सिंघार ने आगे कहा कि निश्चित तौर पर जनता इस बात को समझती है कि जो बिकाऊ होता है, वह टिकाऊ नहीं होता। इसलिए मैं समझता हूं कि इस विषय पर जनता उन्हें घर जरूर भेज देगी। मध्य प्रदेश की बुधनी और विजयपुर सीट पर उपचुनाव है। इन दोनों ही सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा। इससे पहले दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। भजपा की तरफ से दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है।

Comments are closed.