Muzaffarpur Bihar News : Passenger Bus Collides With Overturned Truck Bus Damaged At Nh 27 Today – Bihar News
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के काशीरामपुर में एनएच-27 पर पहले से पलटी हुई एक ट्रक से यात्री बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बस के शीशे टूट गए। हादसे में बस में सवार यात्रियों को आंशिक चोटें आई हैं, हालांकि सभी की जान बाल-बाल बच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची और बस व ट्रक को सड़क से हटाने की कवायद में जुट गई। फिलहाल यातायात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
एक दिन पहले पलटी थी ट्रक, नहीं हटाया गया था वाहन
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम एक सामान लदी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इसके बावजूद प्रशासन के स्तर पर ट्रक को हटाया नहीं गया। ट्रक और उसका सामान एनएच के एक लेन को जाम कर रखा था। इसी दौरान शनिवार सुबह घने कोहरे में सिल्लीगुड़ी से सिवान जा रही एक यात्री बस उस ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में बैठे यात्रियों के बीच अचानक अफरातफरी मच गई। चालक की नजर जैसे ही सड़क पर गिरी ट्रक पर पड़ी, उसने तुरंत ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक बस ट्रक से टकरा चुकी थी। इस टक्कर में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के शीशे टूट गए। घटना में यात्रियों को आंशिक चोटें आईं।
यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया
हादसे के बाद आनन-फानन में सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, बस और ट्रक को सड़क किनारे हटाने की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण पहले से खड़ी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और घना कोहरा बताया जा रहा है।
पढ़ें: पूर्णिया के लाइन बाजार में दबंगई: बिरयानी दुकान में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट, सीसीटीवी कैमरे में कैद
चालक ने बताया- स्पीड कम थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था
यात्री बस के चालक नरेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह कोहरे के कारण बस की रफ्तार पहले से ही कम रखी गई थी। बोचहा थाना क्षेत्र के पास अचानक उनकी नजर एनएच पर पलटी हुई ट्रक पर पड़ी। उन्होंने तुरंत ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक बस ट्रक से टकरा गई। चालक के अनुसार, स्पीड कम होने की वजह से बड़ा हादसा नहीं हुआ। बस को नुकसान पहुंचा है, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया है।
चालक ने प्रशासनिक लापरवाही को बताया हादसे की वजह
चालक नरेश कुमार ने इस घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि इतनी देर से एक ट्रक एनएच पर गिरी हुई थी और उसे नहीं हटाया गया। अगर समय रहते ट्रक हटा दी गई होती, तो यह हादसा नहीं होता।


Comments are closed.