Patna News Dr. Sa Warsi Says Plastic Surgery Is Not Used Just To Enhance Beauty – Amar Ujala Hindi News Live

डॉक्टर एसए वारसी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बीते दिन यानी 15 जुलाई को विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की पूर्व संध्या पर प्रख्यात प्लास्टिक सर्जन डॉ. एसए वारसी ने लोगों के बीच प्लास्टिक सर्जरी को लेकर फैली कई भ्रांतियों को दूर की है। इस चिकित्सा पद्धति के बारे में सटीक जानकारी दी है। ऑरा क्लीनिक में आयोजित एक इंटरेक्शन के दौरान उन्होंने कहा कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस का मकसद इस चिकित्सा पद्धति के बारे में जागरुकता बढ़ाना और लोगों को सटीक जानकारी प्रदान करना है।
डॉ. वारसी का मानना है कि प्लास्टिक सर्जरी केवल सुंदरता बढ़ाने तक सीमित नहीं है। प्लास्टिक सर्जरी का सिर्फ 10 प्रतिशत कॉस्मेटिक सर्जरी है। प्लास्टिक सर्जरी का उपयोग जन्मजात विकारों जैसे कटे होठ और तालू, कम या ज्यादा उंगलियां तथा चोट, जलने, कैंसर और बीमारी के बाद क्षतिग्रस्त अंगों को ठीक करने के लिए किया जाता है।
यह विशेषकर शरीर के विभिन्न हिस्सों के पुनर्निर्माण और सुधार करने पर केंद्रित है। इसमें जन्मजात विकारों का उपचार जैसे छीले होंठ, तालु का फांक, अंगों की कमी या अन्य विकृतियों का इलाज शामिल आदि भी इसमें शामिल हैं। चोटों से हुए नुकसान की मरम्मत जैसे टूटी हुई हड्डियां या कटे हुए अंग को ठीक करने में भी प्लास्टिक सर्जरी का अहम योगदान होता है। शरीर के विभिन्न अंगों से कैंसर के ऊतक हटाने के बाद इन अंगों के पुनर्निर्माण में भी प्लास्टिक सर्जरी की मदद ली जाती है।
डॉ. वारसी बताते हैं कि जागरुकता की कमी के कारण इस तरह की समस्याओं को लेकर अभी भी लोग सबसे पहले प्लास्टिक सर्जन के पास न पहुंचकर पहले किसी जनरल सर्जन के पास या ऐसे हॉस्पिटल में चले जाते हैं। जहां प्लास्टिक सर्जन उपलब्ध नहीं होते हैं। ऐसे में कई बार मरीज को प्लास्टिक सर्जन के पास पहुंचने में देरी हो जाती है और जितना सटीक परिणाम आना चाहिए, उतना नहीं आ पाता है। वे इस बात पर जोर देते हैं कि प्लास्टिक सर्जरी के केस में यह जरूर सुनिश्चित करें कि सर्जन प्रमाणित है और उसके पास अनुभव है। डॉ. वारसी का कहना है कि प्लास्टिक सर्जरी अब सभी के लिए सुलभ है। कई किफायती विकल्प उपलब्ध हैं, और कुछ मामलों में स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ उठाकर इलाज करा सकते हैं।

Comments are closed.