
मृतक रविंद्र सैनी
– फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के हांसी में रविंद्र सैनी की हत्या करने वाले तीन शूटरों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई है। तीनों घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपियों को उमरा रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस पर बदमाशों ने हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को काबू कर लिया है।
हांसी में सैनी हीरो मोर्ट्स के मालिक एवं जजपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र सैनी की सरेआम गोलियां मारकर हत्या की गई थी। एक दिन पहले साजिश में शामिल चार आरोपियों को एसटीएफ ने गुजरात से गिरफ्तार किया है।
सोमवार शाम इन्हें हांसी लाकर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन चारों में सैनी पर हमला करने वाले शूटर नहीं है, लेकिन ये साजिश में शामिल रहे हैं।
साजिश में शामिल चार को किया जा चुका काबू
हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने बताया कि चारों आरोपियों को पुलिस व एसटीएफ की ज्वाइंट टीम ने गिरफ्तार किया है। इन्होंने रविंद्र सैनी पर गोली चलाने वाले शूटरों को भागने व अन्य कार्यों मदद की थी। उनके भागने के दौरान ये भी साथ रहे। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए चारों आरोपी पहले राजस्थान और फिर गुजरात जा पहुंचे थे।
फिलहाल इन्हें रिमांड पर लिया है। रविंद्र सैनी की 10 जुलाई की शाम छह बजे उनके शोरूम के बाहर चार हमलावरों ने पांच गोलियां मारकर हत्या की थी। हत्या के बाद चारों एक ही बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे।
बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 12 जुलाई को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा था, वहीं चंडीगढ़ गए प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया था कि आरोपियों को 48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments are closed.