
इंस्टाग्राम पोस्ट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बाय, एंड हैप्पी बर्थडे इन एडवांस। अब अपने आप को खत्म कर लूंगी। तुम खुश रहो। बहुत मेडिसिन खा ली फालतू की। बस आप खुश रहो…। बीकॉम की छात्रा ने रविवार को इंस्टाग्राम आईडी पर भावुक करने वाला मैसेज लिखकर एक वीडियो पोस्ट किया। इसे देखकर पुलिस हरकत में आ गई। वीडियो में छात्रा गोलियां खाती नजर आ रही थी। पुलिस ने बिना देरी किए लोकेशन पता की और केदार नगर (शाहगंज) में छात्रा के घर पहुंच गई। छात्रा बिल्कुल ठीक थी। उसने बताया कि सहेली को जन्मदिन से पहले डराने के लिए यह पोस्ट किया था। आगे से इस तरह की गलती नहीं करेगी।
एसीपी डाॅक्टर सुकन्या शर्मा ने बताया कि रविवार रात 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि इंस्टाग्राम आईडी पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें एक युवती नजर आ रही है। 16 सेकंड के वीडियो में वह गोलियां खाती नजर आ रही थी। वीडियो में एक मैसेज भी था कि खुद को खत्म कर लूंगी।
जानकारी पर पुलिस केदार नगर में रहने वाली बीकॉम की छात्रा के घर पहुंच गई। छात्रा अपने छोटे भाई के बैठी मिली। मां घर में थीं। उन्हें बेटी के वीडियो की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने छात्रा को वीडियो दिखाकर पूछताछ की। उसका कहना था कि सहेली का जन्मदिन है। उससे झगड़ा हो गया है। वह उसे डराना चाहती थी। इसलिए वीडियो बनाया। वह पूरी तरह से ठीक है। पुलिस ने उसे हिदायत दी। कहा कि वह कभी ऐसा नहीं करे। सोशल मीडिया सेल हर पोस्ट पर नजर रखता है। इस पर छात्रा ने माफी मांग ली।

Comments are closed.