Valentine’s Week Propose Day : माहे फरवरी है और फिज़ा में प्यार की खुशबू घुली हुई है। प्यार करने वालों को सालभर इस महीने का इंतज़ार होता है। वैलेंटाइन वीक के सात दिन वो अलग अलग तरह से अपने प्रेमी या प्रेमिका के सामने अपने जज्बातों का इज़हार करते हैं। आज वैलेंटाइन वीक का दूसरा दिन है और आज के दिन प्रपोज़ डे मनाया जाता है। ये वो दिन है जब प्यार करने वाले अपने दिल की बात सामने वाले को बताते हैं और प्रेम-प्रस्ताव रखते हैं।
8 फरवरी यानी वो दिन जब सामने वाले को बताया जा सकता है कि आप उसके बारे में क्या महसूस करते हैं। किसी भी रिश्ते की शुरुआत अपनी भावनाओं के इज़हार से ही होती है। और यही वो दिन है जब आप उस खास शख्स को अपनी जिंदगी में शामिल होने के लिए प्रपोज़ कर सकते हैं। किसी भी रिश्ते की शुरुआत प्रेम प्रस्ताव से ही होती है। चाहे कोई नया युगल हो या पुराना जोड़ा..आज हर किसी के पास अपने दिल की बात कहने का मौका होता है।
प्रपोज़ डे पर कीजिए अपने प्यार का इज़हार
प्यार इतनी ख़ूबसूरत शै है जो जिंदगी में इंद्रधनुषी रंग घोल देती है। यूं तो प्यार के इज़हार का कोई तय दिन नहीं हो सकता। फिर भी वैलेंटाइन वीक में अपने प्यार को प्रपोज़ करने का उत्साह ही कुछ और होता है। वैलेंटाइन वीक के दूसरे दिन दुनियाभर में प्रेमी अपने साथी को प्रपोज़ करते हैं। कोई रिलेशनशिप के लिए तो कोई शादी के लिए। इस तरह आज का दिन अपने जज्बातों को खुलकर ज़ाहिर करने का दिन है। प्रपोज़ डे पर लोग उस व्यक्ति के सामने अपने जज़्बात ज़ाहिर करते हैं..जिसे वो प्रेम करते हैं और उसके साथ एक मज़बूत रिश्ता बनाना चाहते हैं।
जानिए दुनियाभर में प्रपोज़ करने के अलग-अलग तरीके
दुनिया के विभिन्न हिस्सों में प्रपोज़ करने के अलग अलग तरीके हैं । ये वहां की संस्कृति और परंपराओं के अनुसार होते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि अलग अलग जगह लोग कैसे अपने प्रेमी या प्रेमिका को प्रपोज़ करते हैं।
जापान : जापान में प्रपोज़ करने के दौरान पुरुष अक्सर महिला को एक अंगूठी भेंट करते हैं। हालांकि, पारंपरिक रूप से पुरुष पहले महिला के परिवार से अनुमति मांगते हैं और फिर औपचारिक रूप से प्रपोज़ करते हैं।
फिनलैंड : फिनलैंड में, लीप ईयर के दौरान 29 फरवरी को महिलाओं को पुरुषों को प्रपोज़ करने की अनुमति होती है। यदि पुरुष उसका प्रस्ताव को अस्वीकार करता है, तो उसे महिला को कपड़े देने की परंपरा है। आयरलैंड, स्कॉटलैंड और डेनमार्क में भी इसी तरह की परंपरा है। इसे वहां “लीप ईयर प्रपोज़ल” या “बैचलर डे ट्रेडिशन” कहा जाता है।
चीन : चीन में, प्रपोज़ल के दौरान पुरुष महिला के परिवार को उपहार देते हैं, जिसे “ब्राइड प्राइस” कहा जाता है। यह परंपरा परिवारों के बीच संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक है। इस तरह ये भी माना जाता है कि पुरुष महिला के परिवार का सम्मान करता है।
मेक्सिको : किसी को गाकर प्रपोज़ किया जाए, इससे सुंदर और क्या होगा। मेक्सिको में, पुरुष महिला के घर के बाहर “सरेनेड” गाते हुए उसे प्रपोज़ करते हैं। आमतौर पर पुरुष अपनी प्रेमिका के घर के बाहर गिटार, वायलिन और ट्रम्पेट जैसे वाद्ययंत्रों के साथ एक गीत गाता है या इसके लिए मारियाची बैंड को हायर करता है।
फ्रांस : फ्रांस को “L’amour” (प्रेम) की भूमि कहा जाता है, इसलिए वहाँ प्रपोज़ल के तरीके बहुत रोमांटिक होते हैं। यहां प्रपोज़ल के दौरान पुरुष घुटने के बल बैठकर महिला को अंगूठी देते हैं। ये वहां शिष्टता और सम्मान का प्रतीक माना जाता है।
केन्या : केन्या के मासाई जनजाति में, पुरुष अपनी पसंद की महिला के सिर पर थूककर प्रपोज़ करते हैं, जो आशीर्वाद और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। मासाई जनजाति में थूकना असभ्यता नहीं, बल्कि आशीर्वाद और सम्मान का प्रतीक है। यह उनकी सामाजिक परंपराओं, विवाह संस्कारों और आपसी संबंधों का एक अनूठा हिस्सा है।
फिजी : फिजी में, प्रपोज़ल के दौरान पुरुष जिस महिला को पसंद करता है उसके पिता को व्हेल की दांत भेंट करते हैं, जो धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसे वहा Tabua कहते हैं। टाबुआ) और फिजी में ये बेहद पवित्र और कीमती वस्तु मानी जाती है।

Comments are closed.