Punjab:कपूरथला में 3 दर्जन गावों में बाढ़ जैसे हालात, पीयू ने स्थगित की परीक्षा, गांव कालू वाला में भरा पानी – Punjab Weather News Heavy Rains Affected Life In Punjab

फिरोजपुर में सुरक्षित जगह पर जाते गांव कालू वाला के लोग।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पंजाब में भीषण बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से लोहियां और सुल्तानपुर लोधी इलाके में बाढ़ जैसे हालात हैं। तीन दर्जन से अधिक गांवों की करीब 25 हजार धान की फसल पानी में डूब गई है। इस गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए पर्यावरणविद् और राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने गिद्दड़पिंडी और जानियां चाहल का दौरा किया।
कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ का पहले ही प्रबंधन करने के लिए उनकी ड्यूटी संत सीचेवाल की मदद के लिए लगाई है। इसीलिए वह आज गिद्दड़पिंडी और अन्य इलाकों का दौरा करने आए थे। उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि सरकार लोगों के साथ खड़ी है।
इससे पहले संत बलबीर सिंह सीचेवाल को गांव किल्लीवाड़ा, गिद्दड़पिंडी, भरोआणा के किसानों ने बताया कि पानी की निकासी के लिए बनी पुलियां लोगों ने बंद कर दी हैं। भरोआणा में तो मंड के कुछ लोगों ने जल निकासी के लिए बनाए गए गेट को भी खोलने से मना कर दिया है। इससे हजारों एकड़ फसल डूब सकती है।
गिद्दड़पिंडी के सरपंच कुलवंत सिंह ने कहा कि 2019 में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। अब सतलुज नदी में पानी लगातार बढ़ रहा है और खेतों में पहले से ही पानी भरा है लेकिन कई लोग पानी निकालने में बाधा बन रहे हैं। बाढ़ रोकथाम कमेटी के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह और डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल को बताया कि वर्ष 2020 और 2021 में संत बलबीर सिंह सीचेवाल के नेतृत्व में रेलवे पुल के नीचे से मिट्टी निकालकर गिद्दड़पिंडी को बाढ़ से बचाया गया था। इस बार हालात पहले से भी ज्यादा खराब हो रहे हैं।

Comments are closed.