Punjab School Education Board Corrects Wrong Facts About Shaheed Udham Singh In School Books – Amar Ujala Hindi News Live

शहीद ऊधम सिंह।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने किताबों में शहीद ऊधम सिंह के बारे में शामिल किए गए गलत तथ्यों को ठीक कर दिया है। बोर्ड ने जनवरी 2024 में नौवीं कक्षा की अंग्रेजी और पांचवीं कक्षा की पंजाबी विषय की किताब में शहीद ऊधम सिंह की जीवनी भी शामिल थी। लेकिन, इस अध्याय में ऊधम सिंह के बारे में कई गलत तथ्य शामिल किए गए थे। जीवनी में शहीद ऊधम सिंह की जन्म तिथि और बलिदान दिवस गलत लिखा गया था। साथ ही ऊधम सिंह के जलियांवाला बाग में नहीं होने के बारे में भी लिखा था। इसका पूरे पंजाब में विरोध हुआ।
इसके बाद डॉ. सिकंदर सिंह समेत शहीद उधम सिंह से जुड़े अन्य संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल 10 जनवरी 2024 को शिक्षा बोर्ड की उप सचिव दलजीत कौर दालम से मिला। संबंधित विषय पर साक्ष्यों एवं तथ्यों के साथ चर्चा हुई और विवादित अध्याय को निरस्त कर शहीद ऊधम सिंह पर पीएचडी कर चुके डॉ. सिकंदर सिंह से नया अध्याय लिखवाने पर सहमति बनी।
अब पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पहले लेखक के विवादास्पद अध्याय को खारिज कर दिया है और डॉ. सिकंदर सिंह द्वारा सही तथ्यों के साथ लिखे गए अध्यायों को अंग्रेजी और पंजाबी किताबों में शामिल किया गया है। विवादित मामले को सही करने के लिए शहीद ऊधम सिंह के वारिसों तथा शहीद ऊधम सिंह इंटरनेशनल महासभा के अध्यक्ष हरदयाल सिंह कंबोज, शहीद उधम सिंह कंबोज मेमोरियल कमेटी के अध्यक्ष जंगीर सिंह रतन, अध्यक्ष केसर सिंह ढोट और तरसेम सिंह ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को शहीद ऊधम सिंह के बारे में सही जानकारी मिलेगी।

Comments are closed.