Rajni Patil Offered Prayers At Jakhu Hanuman Mandir, Had Breakfast With Pratibha At Holly Lodge – Amar Ujala Hindi News Live

प्रभारी रजनी पाटिल ने जाखू हनुमान मंदिर में की पूजा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार सुबह राजधानी शिमला के जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी इस दौरान साथ रहीं। रजनी पाटिल ने मंदिर में माथा टेकने के बाद परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद रजनी ने प्रतिभा सिंह के आवास हॉलीलॉज जाकर ब्रेकफास्ट किया। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। रजनी पाटिल के हॉलीलॉज जाने से कांग्रेस की राजनीति गरमा गई है। हॉलीलॉज कई वर्षों तक प्रदेश की राजनीति का पावर सेंटर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जीवित रहने तक कांग्रेस की दिशा यहीं से तय होती रही। अब उनकी पत्नी और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं। बेटा विक्रमादित्य सिंह कैबिनेट मंत्री हैं। प्रतिभा सिंह का बतौर प्रदेश अध्यक्ष तीन साल का कार्यकाल अप्रैल में पूरा होना है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या उन्हें दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा या उनकी जगह किसी और नेता की ताजपोशी होगी। शनिवार को पार्टी प्रभारी के हॉलीलॉज जाने को लेकर भी पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में चर्चाओं का दौर जारी रहा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि ब्रेकफास्ट के दौरान पाटिल की प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह के साथ प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा हुई है। नई कार्यकारिणी का स्वरूप कैसा होगा, किन नेताओं को बड़ी जिम्मेवारियां सौंपी जाएंगी। इसको लेकर बातचीत हुई है।

Comments are closed.