Sirohi News: Rajnath Singh Launched Self Empowerment Campaign, Says Soldiers And Saints Are Same – Rajasthan News – Sirohi News:रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया सेल्फ एम्पॉवरमेंट कैंपेन का शुभारंभ, कहा
‘सेना और साधना का गहरा संबंध’
अपने 42 मिनट के संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि एक सैनिक और एक साधक के बीच का अंतर बहुत सूक्ष्म है। दोनों का उद्देश्य समाज में सुरक्षा, शांति और सेवा सुनिश्चित करना होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा केवल शस्त्रों से नहीं होती, बल्कि उसके लिए आत्मबल, चेतना और चरित्र की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे सैनिक में साधक का गुण होता है और एक साधक में सैनिक की दृढ़ता।
उन्होंने आगे कहा कि आज भारत उस मुकाम पर पहुंच चुका है, जहां उसकी आवाज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से सुनी जाती है। 2014 के पहले भारत अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर था और अब दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो वर्षों में भारत दुनिया की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा।
यह भी पढ़ें- Churu News: सीएम भजनलाल बोले- कांग्रेस ने शेखावाटी को हमेशा नजरअंदाज किया, भाजपा ने ही वर्षों की प्यास बुझाई
‘आत्म सशक्तिकरण’ के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संकल्प
रक्षा मंत्री ने कैंपेन की थीम को अत्यंत प्रासंगिक बताया और कहा कि यह कार्यक्रम हमारे वीर सैनिकों को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक रूप से भी मजबूत बनाएगा। राजयोग, सकारात्मक चिंतन और आत्म संवाद के माध्यम से सैनिकों के आत्मबल को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह आत्म रूपांतरण का बीज है, जिससे राष्ट्रीय रूपांतरण का वृक्ष खड़ा होगा।
ब्रह्माकुमारीज संस्था की सराहना
राजनाथ सिंह ने ब्रह्माकुमारीज संस्था की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के सौ से अधिक देशों में भारतीय संस्कृति, मूल्यों और अध्यात्म को पहुंचा रही है। उन्होंने शांतिवन परिसर की ऊर्जा और वहां की ‘आध्यात्मिक तरंगों’ को अनुभवात्मक बताया। उन्होंने कहा कि यहां कोई मंदिर, मस्जिद या गिरिजाघर नहीं है, लेकिन फिर भी अद्भुत बाइव्रेशन हैं।
सेना के साथ हुआ महत्वपूर्ण एमओयू
समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारीज सुरक्षा सेवा प्रभाग और भारतीय सेना के बीच एक एमओयू साइन किया गया। इसके तहत ब्रह्माकुमारीज संस्था हर माह सेवानिवृत्त सेना अधिकारियों और जवानों के लिए सेल्फ एम्पॉवरमेंट प्रोग्राम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों में राजयोग मेडिटेशन, माइंड मैनेजमेंट, तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, नींद प्रबंधन और जीवन प्रबंधन जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एमओयू साइनिंग में बीके शुक्ला दीदी, कर्नल वीसी सती सिंह, वाइस एडमिरल सतीश घोरमड़े की प्रमुख भूमिका रही। इस प्रयास का उद्देश्य सैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाना और उन्हें जीवन में संतुलन प्रदान करना है।
सैनिकों के बलिदान को बताया अमूल्य
रक्षा मंत्री ने जवानों के त्याग को नमन कर कहा कि उनके बलिदान और अनुशासन के कारण ही देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों को कठिन परिस्थितियों में मानसिक दृढ़ता की उतनी ही आवश्यकता होती है जितनी शारीरिक शक्ति की। उन्होंने कहा कि उनकी ऊर्जा का स्रोत बाहरी नहीं, बल्कि आत्मिक होता है।
राजस्थान की वीरता को किया याद
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में राजस्थान की वीर परंपरा की भी प्रशंसा की। उन्होंने महाराणा प्रताप का उल्लेख कर कहा कि उन्होंने घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। यह केवल आत्मबल से ही संभव है।
संस्थान की वरिष्ठ प्रशासिका बीके जयंती दीदी ने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर दिव्यता है और राजयोग के अभ्यास से मानसिक विकार दूर होकर आत्मा सशक्त बनती है। अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने संस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला और भविष्य में और अधिक प्रासंगिक कार्यक्रमों की घोषणा की।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत 28 अप्रैल को जयपुर में बड़ी रैली, खरगे भी होंगे शामिल
कार्यक्रम की अन्य झलकियां
रक्षा मंत्री सिंह के शांतिवन पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने पूर्व प्रशासिका दादी रतन मोहिनी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच पर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक राजस्थानी पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। राजयोग ध्यान सत्र में भाग लेते समय वे ध्यान में डूबे नजर आए। शांतिवन परिसर की सुरक्षा में चाक-चौबंद व्यवस्था रही और स्वागत गीत प्रस्तुत किया बीके युगरतन भाई ने।
राजनाथ सिंह के कार्यक्रम शेड्यूल
राजनाथ सिंह सुबह 11 बजे दिल्ली से रवाना हुए। दोपहर 12.30 बजे मानपुर हवाई पट्टी पहुंचे। दोपहर एक बजे शांतिवन कार्यक्रम स्थल पहुंचे। दोपहर दो बजे तक मुख्य कार्यक्रम में भागीदारी की। 2.20 बजे ब्रह्माकुमारीज प्रतिनिधियों से मुलाकात की। 2.30 बजे ब्रह्माभोजन किया और 3.10 बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
अतिथियों का भव्य स्वागत
मानपुर हवाई पट्टी पर कलेक्टर अल्पा चौधरी, एसपी अनिल कुमार, प्रभारी मंत्री केके विश्नोई, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, सांसद लुंबाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी और ब्रह्माकुमारीज की ओर से डॉ. सविता दीदी और सतीश घोरमड़े ने स्वागत किया। वहीं, मंचासीन अतिथियों में बीके मुन्नी दीदी, बीके शुक्ला दीदी, वाइस एडमिरल सतीश घोरमड़े, रिटायर स्क्वाड्रन लीडर अशोक गाबा और पूर्व सीजीडीए देविका रघुवंशी शामिल रहे।

Comments are closed.