Six Nihangs Kill Man Entered House And Attacked With Sword In Tarnataran – Amar Ujala Hindi News Live

मौके पर जांच करती पुलिस।
– फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के तरनतारन के कस्बा पट्टी में मंगलवार को छह निहंगों ने तलवार से काटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। वहीं, हमले में मृतक व्यक्ति का बेटा और भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान शम्मी पुरी के तौर पर हुई है। जबकि, घायलों की पहचान शम्मी पुरी के बेटे करण पुरी और भाई राजन पुरी के तौर पर हुई है।
Trending Videos
घटना पट्टी के वार्ड नंबर 6 की है। मृतक शम्मी किराने की दुकान करता था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोपहर में छह निहंग इनोवा कार में सवार होकर घर में आए। उन्होंने आते ही शम्मी को आवाज दी। उनकी आवाज सुनकर शम्मी सामने आया। निहंगों ने शम्मी से धक्का मुक्की शुरू कर दी। घर में उस समय शम्मी पुरी का बेटा करण पुरी भी था। पिता से बदतमीजी होती देख वह भी बीच में आ गया। यहीं पर झगड़ा बढ़ गया और निहंगों ने तलवारें निकाल लीं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि निहंगो ने पैसों के लेनदेन में शम्मी पर हमला किया है। निहंग बार-बार शम्मी से पैसे देने के लिए कह रहे थे। कई बार उन्होंने फोन पर धमकियां भी दी थीं, लेकिन परिवार ने सोचा नहीं था कि वे ऐसे आकर हमला करेंगे।
निहंगों ने सबसे पहले शम्मी पर तलवार से महला किया। बीच बचाव करने आए बेटे की कलाई काट दी। बचाव के लिए आए भाई पर भी निहंगों ने तलवार चलाई। हालांकि, उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई। पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पड़ोसियों का साथ देते हुए निहंगों के खिलाफ डंडे और पत्थर उठा लिए। इसके बाद भी जब निहंग डटे रहे तो लोगों ने ईंटें मार-मारकर उन्हें वहां से भगाया। इसी बीच शम्मी का खून बहुत अधिक बह गया और उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले गए तो उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी थाना सिटी के प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि कुछ व्यक्तियों का शम्मी पुरी के साथ पैसों का लेन-देन था। शम्मी पर 1.75 लाख रुपये का कर्जा था। इसके चलते निहंग बाना पहने कुछ लोग आए और घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद तरनतारन के एसएसपी अश्वनी कपूर भी घटना स्थल पर पहुंचे। उन्हें देख इलाका निवासियों ने सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद वे मौके से अधिकारियों के साथ बातचीत कर चले गए।

Comments are closed.