Sonia-rahul Emergency Landing:बेंगलुरु से लौट रहे राहुल-सोनिया की फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग – Mp News: Emergency Landing Of Rahul And Sonia Gandhi’s Flight In Bhopal

राहुल और सोनिया गांधी से कांग्रेस नेताओं ने एयरपोर्ट पर की मुलाकात
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी की फ्लाइट की भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते यह फैसला लेना पड़ा। सोनिया और राहुल ने बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में भाग लिया और वहां से दिल्ली लौट रहे थे, जब फ्लाइट ने धोखा दे दिया। दोनों नेता करीब डेढ़ घंटा भोपाल में रहे। इस दौरान भोपाल के कुछ कांग्रेस नेता भी उनसे मिलने एयरपोर्ट पहुंचे।
एयरपोर्ट अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों नेता नॉन शेड्यूल फ्लाइट से दिल्ली जा रहे थे। रात करीब आठ बजे तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट को भोपाल में लैंड कराना पड़ा। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस के कुछ नेता एयरपोर्ट पहुंंचे। इनमें विधायक कुणाल चौधरी, आरिफ मसूद, पीसी शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, शोभा ओझा शामिल थे। इन नेताओं ने राहुल और सोनिया से मुलाकात की। दोनों नेता भोपाल से इंडिगो की फ्लाइट से करीब 9.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान डेढ़ घंटा दोनों केंद्रीय नेता भोपाल एयरपोर्ट पर रहे।
इससे पहले दोनों नेताओं ने बेंगलुरु में मंगलवार को विपक्षी दलों की बैठक में शिरकत की। बैठक में कांग्रेस समेत 26 विपक्षी दल शामिल हुए। इस दौरान यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (UPA) का नाम बदलकर इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) रखा गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गठबंधन के नए नाम का औपचारिक एलान किया।

Comments are closed.