Sonipat:लकड़ी चोरी करने पर हुआ विवाद, युवक ने बुजुर्ग महिला का गला दबाकर उतारा मौत के घाट; आरोपी गिरफ्तार – Young Man Arrested In Woman Murder Case In Sonipat
कुंडली थाना क्षेत्र की 70 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने महिला के गांव के हर्षित नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने लकड़ी चोरी करने के विवाद के दौरान महिला की गला दबाकर हत्या करने और बाद में शव को घसीटते हुए ड्रेन के समीप फेंकने की बात कबूली है।
कुंडली थाना के एक गांव के रहने वाले युवक ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनकी 70 वर्षीय मां रविवार शाम को चार बजे खेतों में हरा चारा लेने के लिए गई थीं मगर लौटकर नहीं आईं। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका था। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बुजुर्ग का शव ड्रेन नंबर-8 के पास मिला था। घटनास्थल खरखौदा थाना क्षेत्र का था। जांच में सामने आया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से कई सवाल खड़े हुए थे। जिसके बाद परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। मंगलवार को कुंडली थाना प्रभारी के समझाने पर परिजन माने और बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
लकड़ी उठाने को लेकर हुई घटना
मामले में पुलिस की तीन टीमें लगातार आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही थीं। खरखौदा एसीपी राजदीप मोर की टीम ने आरोपी हर्षित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि मृतक महिला काफी समय से उनके खेत व आसपास से लकड़ी उठा ले जाती थी। घटना वाले दिन भी महिला उसके खेत से लकड़ी ले रही थी। उसने विरोध किया तो उनकी कहासुनी हो गई। हाथापाई होने पर महिला ने उस पर दराती से हमला किया जिससे उसके हाथ पर चोट आई। इसके बाद उसने महिला का गला दबा दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घबराहट में आरोपी ने महिला के शव पास की ड्रेन में फेंक दिया। आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी की पूरे गांव में चर्चा है। ग्रामीणों ने कहा कि हत्यारोपी की पहचान हो जाने से पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।


Comments are closed.