
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम
T20 वर्ल्ड कप 2026 की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे टीमें अपनी तैयारियां मजबूत करने में लगी हैं। इनमें अब अफगानिस्तान की टीम भी शामिल हो गई है। अफगानिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। अफगान टीम के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव हुआ है। अफगानिस्तान ने टोबी रैडफोर्ड को अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है। रैडफोर्ड बैटिंग कोच के तौर पर एंड्रयू पुटिक की जगह लेंगे और उम्मीद है कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ आने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज से पहले टीम से जुड़ जाएंगे।
एक साल के लिए टीम से जुड़े टोबी
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी ACB ने टोबी रैडफोर्ड के अलावा रॉबर्ट अहमून को नया स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग ट्रेनर भी नियुक्त किया है और वह भी भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी ICC T20 वर्ल्ड कप से पहले टीम की आखिरी T20I सीरीज से पहले टीम में शामिल होंगे। दोनों को एक साल के लिए नियुक्त किया गया है। अफगानिस्तान वेस्टइंडीज के साथ तीन मैचों की T20I सीरीज खेलेगा, जिसके मैच 19, 21 और 22 जनवरी को दुबई में खेले जाएंगे।
रैडफोर्ड एक जाने-माने क्रिकेट कोच और इंग्लैंड में फर्स्ट-क्लास क्रिकेटर रह चुक हैं। वह मिडलसेक्स और ससेक्स के लिए खेल चुके हैं और ECB लेवल 4 सर्टिफाइड कोच हैं। वह बैटिंग कोच की भूमिका में अपने साथ कोचिंग का लंबा अनुभव लेकर आए हैं। रैडफोर्ड अभी ढाका कैपिटल्स के हेड कोच के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने 2022 से 2024 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में बतौर बैटिंग कोच काम किया। इससे पहले वह 2 साल तक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में हाई परफॉर्मेंस के हेड के तौर पर काम कर चुके हैं।
WI की ऐतिहासिक जीत का रहे हिस्सा
खास बात यह है कि रैडफोर्ड 2012 में ICC T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की जीत और 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के दौरान कैरेबियन टीम के कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अपनी कोचिंग में साल 2008 में मिडलसेक्स को नेशनल T20 खिताब दिलाया और ग्लैमॉर्गन के हेड कोच के रूप में भी काम किया। दूसरी ओर, कार्डिफ के रहने वाले अहमून एक एलीट स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग स्पेशलिस्ट हैं। उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के लिए परफॉर्मेंस साइंस और मेडिसिन के हेड के तौर पर काम किया है। अब वह अफगान टीम के कोचिंग स्टाफ में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें
IND vs NZ: कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे, नोट कीजिए टाइम और डेट


Comments are closed.