
मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
पंजाब के जालंधर में एक महिला अंधविश्वास का शिकार बन गई। पति की बीमारी से परेशान चल रही महिला ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देख समस्या के समाधान के लिए तांत्रिक के पास गई, जहां तांत्रिक ने पति का इलाज तो किया नहीं लेकिन महिला की आबरू लूट ली। आरोपी तांत्रिक महिला को एक अलग कमरे में ले गया और बेहोश कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता को होश में आने के बाद उसके साथ हुई गलत हरकत के बारे में पता चला। शिकायत के बाद थाना-5 की पुलिस ने बस्ती दानिशमंदा के रहने वाले तांत्रिक सरफराज आलम के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पति बीमार रहता है। महिला ने सोशल मीडिया पर तांत्रिक का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में तांत्रिक ने लिखा था कि उसके पास हर समस्या का समाधान है। महिला ने फोन पर संपर्क किया तो तांत्रिक ने उसे न्यू रसीला नगर स्थित अपने कार्यालय में बुलाया।
महिला पति को लेकर तांत्रिक के दफ्तर पहुंच गई। आरोपी तांत्रिक ने महिला के पति को बाहर बैठा दिया और महिला को कमरे में ले गया। आरोपी ने महिला को कहा कि कमरे में झाड़फूंक करना है इसलिए अकेले आना पड़ेगा। महिला ने तांत्रिक की बातों पर विश्वास कर लिया और कमरे में चली गई।
महिला ने बताया कि जैसे ही वह कमरे में गई तो तांत्रिक ने दरवाजे की कुंडी लगा दी। इसके बाद आरोपी ने उसे कुछ सुंघाया, जिससे वह बेहोश हो गई। वह बेसुध हो गई तो तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक जब महिला और तांत्रिक बाहर नहीं निकले तो महिला के पति को शक हुआ। पति ने जोर-जोर से दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही तांत्रिक वहां से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद व्यक्ति ने अपनी पत्नी को होश में लाया। होश में आने पर महिला ने पूरी कहानी पति को बताई। इसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुंची और पुलिस को घटना की शिकायत दी।

Comments are closed.