
पीड़ित महिला
– फोटो : संवाद
विस्तार
कैथल के मलिक नगर में किराए पर रहने वाली एक महिला को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब महिला अपने घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकली थी। महिला को गोली लगने के बाद तुरंत सिविल अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस, सीआईए और उच्चाधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम भी शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि तीन युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिनमें से एक ने महिला पर गोली चलाई। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग बाहर आए और देखा कि तीनों युवक बाइक पर फरार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घायल महिला की पहचान सरोज पत्नी सतबीर के रूप में हुई है, जो मलिक नगर में अपनी बेटी के साथ किराए पर रहती है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे जमीनी विवाद का मामला हो सकता है। डीएसपी ने बताया कि महिला नारनौंद के पास मंखड गांव की रहने वाली है और उसका जमीन से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Comments are closed.