Ujjain: Autoclave Machine Burst In Max Care Hospital, Two Employees Including A Girl Got Burnt. – Amar Ujala Hindi News Live

उज्जैन के मैक्स केयर अस्पताल में हुए हादसे मेंं घायल को इलाज के लिए रेफर किया गया।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उज्जैन के मैक्स केयर हॉस्पिटल में गुरुवार को गंभीर हादसा हो गया। यहां ऑटोक्लेव मशीन फटने से एक युवती सहित दो कर्मचारी झुलस गए। युवती की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए इंदौर रेफर किया है। वहीं, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर घटना को दबाने का आरोप लगाया है।
घटना नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित महाकाल वाणिज्य केंद्र में मैक्स केयर हॉस्पिटल में गुरुवार दोपहर में ऑपरेशन थिएटर में लगा ऑटो क्लेव मशीन फटने से हुई। घटना उस समय हुई जब ऑटो क्लेव मशीन में ऑपरेशन के औजार साफ किए जा रहे थे। नतीजतन मशीन से उफना पानी गर्म था जो यहां काम कर रही कर्मचारी मीनाक्षी वर्मा और अखिलेश पर जा गिरा, जिससे दोनों झुलस गए। नतीजतन उन्हें इंदौर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी मीनाक्षी के भाई आकाश ने आरोप लगाया कि घटना दोपहर की है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को दबाया और देर से सूचना दी। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे जहां दोनों कर्मचारियों का ठीक से इलाज नहीं किया जा रहा था।
अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई
मैक्स केयर अस्पताल के प्रबंधक मनदीप सिंह बेस ने बताया कि अस्पताल में सुरक्षा के सभी इंतजाम थे। कर्मचारियों ने ऑपरेशन थिएटर के उपकरण को सैनेटाइज करने के लिए लगाई गई मशीन को उचित तापमान पर खोल दिया, जिसकी भाप से दोनों कर्मचारी जल गए। उन्होंने ब्लास्ट की घटना को भी गलत बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल का लाइसेंस रद्द
घटना की जानकारी लगते ही सीएमएचओ अशोक पटेल भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने घटना छिपाई है। यह घटना दोपहर 1 बजे हुई थी और जानकारी शाम को लगी। दोनों कर्मचारी 60 से 65 फीसदी झुलसे हैं जिन्हें इंदौर रेफर किया गया। 10 दिन के लिए अस्पताल का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया।

Comments are closed.