-सरोजनी नगर मार्केट की घटना, केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सरोजिनी नगर बाजार में नौ साल के नेपाली लड़के को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे को अपमानित किया गया और उसे गालियां दी गईं। नेपाली लड़के के साथ किए गए अपमानजनक व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामले में सरोजिनी नगर मार्केट स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान के मालिक पंकज और दुकान पर सहायक प्रदीप कुमार और विशाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो में लड़के को उसकी खुली बेल्ट से एक शख्स पकड़े हुए हैं और दूसरा उसकी पैंट में पानी डाल रहा है। लड़का रोता और विनती करता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोपी गाली-गलौज करता है और थप्पड़ मारता है। उसके बालों पर लिक्विड साबुन छिड़का जाता है। अन्य व्यक्ति लड़के को अपने पैर से दबाए हुए है। बताया जा रहा है कि पीड़ित लड़का कक्षा तीन का छात्र है और नेपाल का मूल निवासी है। मां सरोजिनी नगर मार्केट इलाके में रसोइया का काम करती है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया, वीडियो का संज्ञान लेते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं, किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पकड़ा हैगिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Comments are closed.