बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कुत्ते को बचाने में पलटी अर्टिगा; 3 की मौत
Subtitle:
नेपाल से चंडीगढ़ जा रही टैक्सी में सवार थे 9 लोग; दो महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ा, एक युवक की अस्पताल में मौत, छह घायल
रिपोर्टर: अंकुर चतुर्वेदी
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चैनल नंबर 175 के पास नेपाल से चंडीगढ़ जा रही अर्टिगा टैक्सी अचानक सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं।
कुत्ता सामने आने पर चालक ने मोड़ा वाहन
जानकारी के मुताबिक, टैक्सी में सवार सभी यात्री नेपाल के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले थे। सभी लोग रुपैडिया से चंडीगढ़ की ओर जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 175 के पास अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया।
कुत्ते को बचाने के लिए चालक ने वाहन को मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान अर्टिगा का संतुलन बिगड़ गया और वह एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो महिलाओं की मौके पर मौत
दुर्घटना में नेपाल के डांग जिले की रहने वाली दीपना खात्री (32) और विपना सुनमगर (32) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं करीब 22 वर्षीय एक अज्ञात युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई।
दो साल के बच्चे समेत छह घायल
हादसे में चालक दीपक ओली (28), पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), दो वर्षीय विनोद और 10 वर्षीय सिमोन घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बदायूं पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना प्रभारी राजेश कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहत और बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज में रखवाए गए हैं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा कराया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
नेपाल के रहने वाले थे सभी यात्री
पुलिस के अनुसार, टैक्सी में सवार सभी लोग नेपाल के अलग-अलग क्षेत्रों से थे और रुपैडिया के रास्ते चंडीगढ़ जा रहे थे। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतका विपना सुनमगर के परिजनों से संपर्क करने के लिए नेपाल पुलिस से भी संपर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के दौरान वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
रिपोर्टर:गरिमा छाबड़ा

