विकासनगर में शक्ति नहर में गिरी कार! वीडियो से मिली जानकारी, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
विकासनगर: उत्तराखंड के विकासनगर से एक बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार देर रात पुल नंबर दो के पास एक कार के शक्ति नहर में गिरने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस को एक वीडियो के जरिए कार के नहर में गिरने की जानकारी मिली, जिसके बाद देर रात ही पुलिस और SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि, कई घंटे की तलाश के बावजूद अभी तक कार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नहर किनारे मिले कार गिरने के निशान
पुलिस के मुताबिक, देर रात सूचना मिली थी कि डाकपत्थर से विकासनगर की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर शक्ति नहर में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाश शुरू की।
घटनास्थल की जांच के दौरान नहर किनारे पत्थरों और झाड़ियों पर रगड़ के निशान मिले। इसके अलावा कार के बोनट का एक छोटा टुकड़ा भी मौके पर पड़ा मिला। इन निशानों से आशंका जताई जा रही है कि कोई वाहन नहर में गिरा हो सकता है।
वीडियो में दिखाई दी नहर में डूबती कार
इसी दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस को एक वीडियो दिखाया, जिसमें नहर में एक कार डूबती हुई दिखाई दे रही थी। वीडियो मिलने के बाद पुलिस और SDRF का सर्च ऑपरेशन और तेज किया गया।
हालांकि, रात में अंधेरा होने के कारण टीम को नहर के अंदर कार का पता लगाने में सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह SDRF की टीम ने दोबारा नहर में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन अभी तक कार का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
कार में कितने लोग थे, पता नहीं
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार में कितने लोग सवार थे और वाहन कौन सा था। अभी तक कार के मालिक या उसमें सवार लोगों के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी पुलिस को नहीं मिली है।
इस मामले में एक और बात ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक मंगलवार रात से लापता बताया जा रहा है। पुलिस अब युवक के परिजनों से जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं लापता युवक का संबंध नहर में गिरी बताई जा रही कार से तो नहीं है।
SDRF लगातार चला रही सर्च अभियान
सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक के लापता होने की जानकारी मिली है। पुलिस और SDRF की टीम शक्ति नहर में लगातार सर्च अभियान चला रही है। साथ ही युवक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती नहर में गिरी बताई जा रही कार का पता लगाना है। कार मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसमें कौन-कौन लोग सवार थे और हादसा किस परिस्थितियों में हुआ।
शक्ति नहर में सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रिपोर्टर; चरणप्रीत सिंह, मुख्य संवाददता देहरादून

