CM Uttarakhand धामी का चारधाम यात्रा पर बड़ा निर्देश, सुरक्षा और सुविधाओं पर फोकस
देहरादून, 16 सितंबर 2026: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने 15 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यात्रा मार्गों की स्थिति, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली।
मौसम और भूस्खलन वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी
CM Uttarakhand ने अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर मौसम की लगातार निगरानी करने और भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जाना चाहिए।
यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर बने होल्डिंग एरिया और अन्य सुविधाओं को व्यवस्थित रखने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी न हो। यमुनोत्री मार्ग पर अतिरिक्त घोड़ा पार्किंग, डांडी-कांडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए गए।
गंगोत्री मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और गड्ढों की मरम्मत में तेजी लाने तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने को कहा गया। ज्योतिर्मठ-मरवाड़ी मार्ग पर भी प्रभावी यातायात प्रबंधन और अवरोध हटाने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
सरकारी अधिकारियों की ओर से समीक्षा बैठक में बताया गया कि 2026 की चारधाम यात्रा के लिए अब तक 66,07,749 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। 14 सितंबर शाम 7 बजे तक 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इनमें यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के साथ हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालु भी शामिल हैं।
केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां
मानसून के बाद चारधाम यात्रा में एक बार फिर तेजी आई है। केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं 15 सितंबर से दोबारा शुरू हुई हैं। सरकार ने हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों को उड़ानों की निगरानी के लिए सैटेलाइट आधारित ट्रैकिंग डिवाइस लगाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
दैनिक रुस्तम-ए-हिंद
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

