लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में मोबाइल की किस्त को लेकर एक युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर उसका खून निकलवाने और परिजनों से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों अनिकेत सिंह उर्फ काका और सुशांत शर्मा को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी शुभम सिंह फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
मामला राजारामखेड़ा मजरा पुरहिया गांव का है। पीड़ित नेवल ने निगोहां की गीता मोबाइल शॉप से करीब 21,500 रुपये का मोबाइल टीवीएस सर्विस क्रेडिट लिमिटेड के जरिए फाइनेंस कराया था। बताया गया कि पहली किस्त बकाया होने के बाद करीब एक साल पहले मोबाइल वापस ले लिया गया था। इसके बावजूद सितंबर 2026 में आरोपी कथित तौर पर नेवल को अपने साथ ले गए।
ब्लड सेंटर ले जाकर खून निकलवाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, नेवल को बंधक बनाकर लखनऊ के समाधान चैरिटेबल ब्लड सेंटर ले जाया गया, जहां उसका एक यूनिट खून निकाला गया। पुलिस ने ब्लड सेंटर का रजिस्टर भी कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। इसके बाद युवक को सदर इलाके के एक मकान में रखने और उससे जबरन मजदूरी कराने का भी आरोप है।
2,799 रुपये लेने के बाद मांगे और पैसे
आरोप है कि नेवल को बंधक बनाए जाने के बाद उसके भाई से मोबाइल की बकाया किस्त के नाम पर 2,799 रुपये ऑनलाइन मंगवाए गए। रकम मिलने के बाद भी युवक को नहीं छोड़ा गया। इसके बाद परिजनों से अतिरिक्त 12,000 से 12,500 रुपये की मांग किए जाने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों से घटना से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं। मुख्य आरोपी शुभम सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में अन्य लोग या फाइनेंस कंपनी से जुड़े किसी अधिकारी की भूमिका थी या नहीं।
पुलिस ने ब्लड सेंटर के रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की पूरी सच्चाई जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।
रिपोर्टर; गरिमा छाबड़ा, विशेष रिपोर्टर, विपणन प्रबंधक, जनसंपर्क प्रबंधक
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

