सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धनपतगंज थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 97.500 के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से टेनिस खेलकर देवरिया लौट रहे थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।
तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों देवरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
वहीं घायलों में देवरिया के आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कार में सवार सभी लोग थे टेनिस खिलाड़ी
घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, सभी लोग पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में खेलकर देवरिया वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे और उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसका पता नहीं चल पाया।
हादसे के बाद यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात ट्रक की तलाश में पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


