अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, बोले- कानून और संविधान से नहीं चल रही सरकार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार कानून और संविधान के मुताबिक नहीं चल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष और आम जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है तथा पुलिस को मनमानी कार्रवाई की खुली छूट मिली हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को बदनाम करने के लिए वीडियो बनवाए जा रहे हैं और झूठे मुकदमों के जरिए लोगों को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में जनता और विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने तथा अपनी बात रखने की पूरी स्वतंत्रता होनी चाहिए।
पंचायत सहायकों और शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में सपा
इको गार्डेन में अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायक कर्मचारियों और 68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 से जुड़े अभ्यर्थियों से समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को लेकर समर्थन जताया।
पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन ने मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, सेवा सुरक्षा देने, नियमितीकरण, प्रमोशन में क्षैतिज आरक्षण तथा महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश देने की मांग रखी। सपा नेताओं ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्स व्यवस्था को समाप्त कर स्थायी रोजगार की दिशा में कदम उठाए जाएंगे और वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाएगा।
वहीं, 68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 से जुड़े अभ्यर्थियों ने ओबीसी आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया में नियमों का पालन किए जाने का मुद्दा उठाया। अभ्यर्थियों ने सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति दिए जाने की मांग भी रखी।
कई सभासदों ने ग्रहण की सपा की सदस्यता
इस दौरान हरदोई, अलीगढ़, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, प्रतापगढ़, बाराबंकी और प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों के कई नगर निकाय सभासदों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इससे पीडीए की स्वीकार्यता और मजबूत होगी। नए सदस्यों ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करने का संकल्प जताया।
ग्वारी गांव की बदहाली पर भी उठे सवाल
राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित ग्वारी गांव में स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में गंदी नालियों, जलभराव और जगह-जगह जमा कूड़े के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें खुद नालियों की सफाई के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। लोगों ने क्षेत्र की पार्षद मालती यादव की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें राजनीति नहीं, बल्कि साफ-सफाई, बेहतर सड़क और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था चाहिए। उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन को जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
स्वास्थ्य और एमएसएमई के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और एमएसएमई सेक्टर की स्थिति को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही बढ़ रही है और कई लोगों को समय पर उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने लखनऊ के सरोजनीनगर और कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों का जिक्र करते हुए एमएसएमई क्षेत्र की स्थिति पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योगों से जुड़े कारोबारियों की समस्याओं पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
किसानों को खाद-बीज और फसलों के दाम का मुद्दा
अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने खाद और बीज की उपलब्धता के साथ-साथ किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने का आरोप लगाया।
उन्होंने आलू, गन्ना और मक्का समेत कई फसलों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिलना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने सरकार से किसानों की आय, कृषि लागत और बाजार व्यवस्था से जुड़े सवालों पर जवाब देने की मांग की।
शहरी समस्याओं पर भी सरकार से मांगा जवाब
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार विकसित भारत और बड़े-बड़े समिट की बातें करती है, लेकिन आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने शहरी जाम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, नदियों की सफाई, कृषि और पर्यावरण जैसे मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल बड़े आयोजन और घोषणाएं नहीं हैं। आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार, साफ-सफाई, अच्छी सड़कें, जल निकासी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना भी जरूरी है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष और जनता की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए और उनका समाधान करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
रिपोर्टर; जैस्मिन कौर, मुख्य संवाददता दिल्ली
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

