BMW कार केस: शादी में 76 लाख की BMW ले गए, वापस न करने का आरोप; दूल्हा वंश मित्तल गिरफ्तार
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 76 लाख रुपये की BMW X3 कार से जुड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी में रौब दिखाने के लिए कारोबारी से BMW कार यह कहकर ली गई कि शादी समारोह खत्म होने के बाद उसे वापस कर दिया जाएगा। लेकिन शादी के बाद कार वापस नहीं की गई। शिकायत के बाद मामला अदालत तक पहुंचा और अब सहारनपुर पुलिस ने दूल्हे वंश मित्तल को गिरफ्तार कर BMW X3 बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को 1 अक्टूबर 2026 को गौतमबुद्ध नगर के प्रथला खंजरपुर चौराहे से पकड़ा गया।
65 लाख रुपये का लिया था बैंक लोन
शिकायतकर्ता कारोबारी संजीव कपूर के मुताबिक, उन्होंने BMW X3 खरीदने के लिए बैंक से करीब 65 लाख रुपये का लोन लिया था। बाकी रकम उनकी फर्म M/s AVADH TRADING CO. के खाते से RTGS के जरिए दिल्ली स्थित BMW डीलर को भेजी गई थी।
शिकायत के अनुसार, BMW कार 12 फरवरी 2026 को उनकी फर्म के नाम पर खरीदी गई थी और 5 मार्च 2026 को इसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP16FM-7799 जारी हुआ। संजीव कपूर का आरोप है कि कार खरीदने की प्रक्रिया में हरि प्रकाश मित्तल, उनके बेटे नवीन मित्तल और नवीन के बेटे वंश मित्तल ने मदद की थी।
शादी में BMW ले जाने के लिए मांगी कार
मामला वंश मित्तल की शादी से शुरू हुआ। शिकायत के मुताबिक, वंश मित्तल की शादी हरियाणा के सोहना में तय हुई थी। शादी से पहले हरि प्रकाश मित्तल, नवीन मित्तल और वंश मित्तल ने संजीव कपूर से BMW कार मांगी।
आरोप है कि मित्तल परिवार ने कहा कि नई BMW में शादी में पहुंचने से परिवार की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और समारोह खत्म होने के बाद कार वापस कर दी जाएगी। संजीव कपूर ने भरोसा करते हुए कार उन्हें अमानत के तौर पर सौंप दी।
11 और 12 मार्च 2026 को संजीव कपूर अपने परिवार के साथ सोहना में शादी में शामिल हुए। इसी दौरान उन्हें पता चला कि BMW का FASTag भी मित्तल परिवार इस्तेमाल कर रहा था।
शादी के बाद कार लौटाने में हुई टालमटोल
शादी समारोह खत्म होने के बाद जब संजीव कपूर ने अपनी कार वापस मांगी तो उन्हें कुछ दिन बाद कार लौटाने का आश्वासन दिया गया। लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक, कई दिन बीतने के बाद भी BMW वापस नहीं की गई।
उन्होंने हरि प्रकाश मित्तल, नवीन मित्तल और वंश मित्तल से कई बार संपर्क कर कार लौटाने की मांग की। आरोप है कि हर बार अलग-अलग कारण बताकर मामले को टाला गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 10 मई 2026 को सहारनपुर के कोर्ट रोड पर संजीव कपूर की हरि प्रकाश मित्तल और नवीन मित्तल से मुलाकात हुई। इस दौरान कार वापस मांगने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। हालांकि ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं और मामले की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रही है।
थाने से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला
BMW वापस नहीं मिलने के बाद संजीव कपूर ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने संबंधित थाने के साथ-साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी कार बरामद कराने की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली तो उन्होंने अदालत का रुख किया। इसके बाद सहारनपुर के सदर बाजार थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में अमानत में खयानत, आपराधिक साजिश और धमकी समेत कई धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की।
गौतमबुद्ध नगर से वंश मित्तल गिरफ्तार
सहारनपुर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और BMW की बरामदगी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को सूचना के आधार पर टीम ने गौतमबुद्ध नगर के प्रथला खंजरपुर चौराहे पर कार्रवाई की।
पुलिस ने वहां से वंश मित्तल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से शिकायतकर्ता की BMW X3 भी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक बरामद कार वही UP16FM-7799 नंबर वाली BMW है, जिसकी कीमत करीब 76 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस कर रही मामले की आगे जांच
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार को शादी के बाद वापस क्यों नहीं किया गया और इस पूरे मामले में अन्य नामजद लोगों की क्या भूमिका रही।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


