CM Nayab Singh Saini: गुरुग्राम में 21 कचरा प्वाइंट हटाने का अभियान शुरू
गुरुग्राम: गांधी जयंती के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री CM Nayab Singh Saini ने गुरुग्राम में ‘जीवीपी मुक्त अभियान’ की शुरुआत की। नगर निगम गुरुग्राम की ओर से शुरू किए गए इस विशेष अभियान का लक्ष्य शहर के 21 कचरा संवेदनशील बिंदुओं (Garbage Vulnerable Points) को 10 दिनों के भीतर साफ कर उन्हें बेहतर सार्वजनिक स्थलों में बदलना है। अभियान 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को महरौली रोड स्थित डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास नगर निगम द्वारा विकसित किए गए जीवीपी मुक्त स्थल का निरीक्षण कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
10 दिन में 21 कचरा प्वाइंट होंगे साफ
नगर निगम के अभियान का संदेश “10 दिन-21 कचरा बिंदु-एक गुरुग्राम” रखा गया है। इसके तहत शहर के 21 चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य केवल एक बार कचरा हटाना नहीं है, बल्कि सफाई के बाद इन जगहों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए नागरिकों के व्यवहार में बदलाव लाना भी है।
अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास और सरहौल क्षेत्र से हुई। इसके बाद 3 अक्टूबर को टिकरी और सेक्टर-18, 4 अक्टूबर को अरबाना मॉल और सुभाष चौक, 5 अक्टूबर को पेस सिटी-1 और गौशाला मैदान तथा 6 अक्टूबर को पेस सिटी और सिंघा चौक में विशेष सफाई गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
7 से 11 अक्टूबर के बीच कृष्णा कॉलोनी, मेगापोलिस मॉल के पास, इंडियन गैस के पास, घाटा, बंजारा मार्केट, सेक्टर-37, मोहम्मद हेड़ी रोड, दौलताबाद रोड, सेक्टर-39 और उल्लावास समेत अन्य चिन्हित स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा।
CM सैनी ने लोगों से की कचरा अलग रखने की अपील
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों से घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखने और उसे खुले में नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरा केवल अधिकृत कचरा संग्रहण वाहनों को ही दिया जाना चाहिए।
सरकार के मुताबिक स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सरकारी व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और नागरिकों की भागीदारी को साथ लेकर चलने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
आरडब्ल्यूए, दुकानदारों और युवाओं से जुड़ने की अपील
नगर निगम गुरुग्राम ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), दुकानदारों, स्कूलों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों से अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की है। नागरिक अपने क्षेत्र में होने वाली सफाई गतिविधियों में श्रमदान और सहयोग कर सकते हैं।
अभियान का उद्देश्य कचरा संवेदनशील स्थानों को साफ करने के साथ-साथ उन्हें दोबारा कचरा जमा होने से बचाना है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को कचरा पृथक्करण और उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वच्छता की शपथ और नुक्कड़ नाटक
अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को कचरा अलग-अलग रखने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वच्छता की शपथ भी ली।
CM Nayab Singh Saini ने कहा कि गुरुग्राम को साफ रखने के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। अभियान के जरिए कचरा प्वाइंट को साफ और बेहतर सार्वजनिक स्थल में बदलने के साथ-साथ स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


