CM उमर अब्दुल्ला का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- क्या कश्मीरियों को जेल भेजना चाहते हैं?
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गायन को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर तीखा पलटवार किया है। उमर अब्दुल्ला ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस चाहती है कि ‘वंदे मातरम्’ नहीं गाने के कारण कश्मीरियों को जेल भेज दिया जाए। उनका यह बयान जम्मू-कश्मीर के पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के पूरे संस्करण के गायन को लेकर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच बढ़े विवाद के बीच आया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जम्मू-कश्मीर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह अंतरों का गायन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद थे। इसके बाद कांग्रेस की ओर से इस पर आपत्ति जताई गई। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से अपील की कि पार्टी स्वतंत्रता आंदोलन के नेताओं की उस ऐतिहासिक भूमिका का सम्मान करे, जिसके तहत ‘वंदे मातरम्’ के शुरुआती दो अंतरों को ही स्वीकार किया गया था।
उमर अब्दुल्ला ने दिया जवाब
कांग्रेस की आपत्ति पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगर कांग्रेस को मौजूदा नियम पर आपत्ति थी तो उसे संसद में कानून बनने के समय इसका विरोध करना चाहिए था। अब जब कानून मौजूद है तो उसका पालन करना कानूनी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल जम्मू-कश्मीर के लिए नहीं बल्कि पूरे देश पर लागू होती है।
उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या पार्टी चाहती है कि नियम का पालन नहीं करने वाले कश्मीरियों को जेल भेजा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में वापस आती है और इस कानून को बदलना चाहती है तो वह संसद में ऐसा कर सकती है।
कांग्रेस और NC के बीच बढ़ा मतभेद
इस पूरे विवाद ने कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच मतभेद को सामने ला दिया है। दोनों दल जम्मू-कश्मीर में गठबंधन के सहयोगी हैं, लेकिन ‘वंदे मातरम्’ के पूरे संस्करण को लेकर दोनों की अलग-अलग राय सामने आई है। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी पूरे गीत के गायन पर चिंता जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से कांग्रेस नेताओं के पुराने वीडियो साझा कर पलटवार भी किया गया। पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में भी नेताओं द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गायन के दौरान खड़े रहने के उदाहरण सामने आए हैं।
राजनीतिक विवाद और तेज होने के संकेत
‘वंदे मातरम्’ को लेकर उमर अब्दुल्ला का बयान ऐसे समय आया है जब इस मुद्दे पर देशभर में राजनीतिक बहस तेज हो रही है। जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच यह विवाद गठबंधन की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के नेताओं की ओर से इस मुद्दे पर और बयान सामने आ सकते हैं।
रिपोर्टर; सतविंदर, कौर मुख्य संवाददाता हरियाणा
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

