CM Sukhvinder Singh Sukhu: गांधी जयंती पर 1,471 श्रमिकों को ₹5.78 करोड़ की सहायता
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री CM Sukhvinder Singh Sukhu गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश के 1,471 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके पात्र आश्रितों को ₹5.78 करोड़ की वित्तीय सहायता ट्रांसफर करेंगे। यह राशि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड (HPBOCWWB) की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने 1 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी।
शिक्षा के लिए 2.74 करोड़ रुपये की सहायता
बोर्ड के अनुसार, सबसे बड़ी राशि शिक्षा सहायता योजना के तहत जारी की जाएगी। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों की उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए 968 लाभार्थियों को ₹2.74 करोड़ की सहायता दी जाएगी।
इसके अलावा 359 लाभार्थियों को विवाह सहायता के रूप में ₹1.83 करोड़ प्रदान किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत विधवा, एकल, बेसहारा और दिव्यांग महिलाओं को मकान निर्माण के लिए ₹45.95 लाख की वित्तीय मदद दी जाएगी।
दुर्घटना और मातृत्व सहायता भी शामिल
कल्याण बोर्ड की ओर से दुर्घटना मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 21 मामलों में ₹54.20 लाख जारी किए जाएंगे। मातृत्व एवं पितृत्व लाभ योजना के तहत 30 लाभार्थियों को ₹7.14 लाख की सहायता मिलेगी।
बालिका जन्म उपहार योजना के तहत 15 बालिकाओं के परिवारों को ₹7.65 लाख दिए जाएंगे। इसके अलावा मानसिक दिव्यांगता से प्रभावित 10 आश्रितों को ₹2.15 लाख और दिव्यांगता पेंशन योजना के तहत एक लाभार्थी को ₹25,000 की सहायता दी जाएगी।
अलग-अलग जिलों के लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
वित्तीय सहायता प्रदेश के अलग-अलग जिलों और बोर्ड के उप-कार्यालयों के माध्यम से लाभार्थियों तक पहुंचेगी। कांगड़ा में 270 लाभार्थियों को करीब ₹1 करोड़, हमीरपुर में 225 लाभार्थियों को ₹76.74 लाख, चंबा में 164 लाभार्थियों को ₹70.54 लाख और मंडी में 171 लाभार्थियों को ₹64.80 लाख दिए जाएंगे।
सिरमौर में 140 लाभार्थियों को ₹51.80 लाख, किन्नौर में 126 को ₹48.39 लाख और शिमला में 88 लाभार्थियों को ₹45.58 लाख की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा बिलासपुर, ऊना, सोलन और कुल्लू के लाभार्थी भी योजना के दायरे में हैं।
सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होगी राशि
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर के अनुसार, सरकार का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके पात्र आश्रितों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। वित्तीय सहायता सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होने से लाभार्थियों को भुगतान प्राप्त करने में सुविधा होगी।
रोहड़ू में नशे के खिलाफ CM सुक्खू की रैली
इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रोहड़ू में छात्रों के साथ एंटी-चिट्टा रैली में भी हिस्सा लिया। रैली में छात्रों ने नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
रोहड़ू के चिरगांव में मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े कुछ फैसलों की भी घोषणा की। सरकार के अनुसार, 1 दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही मार्केट इंटरवेंशन स्कीम के तहत सेब की खरीद कीमत ₹12 से बढ़ाकर ₹13 प्रति किलो करने की घोषणा की गई है।
इस तरह गांधी जयंती के मौके पर श्रमिकों को वित्तीय सहायता, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े फैसले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यक्रमों में प्रमुख रहे।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


