गुजरात की सड़कों पर ऑटो चलाते दिखे नॉर्वे के मेयर, 61 विदेशी 37 टुकटुक से कर रहे भारत की यात्रा
गुजरात: इंटरनेट और सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नॉर्वे के एक मेयर गुजरात की सड़कों पर ऑटो-रिक्शा चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विदेशी शख्स को देखकर जब एक स्थानीय युवक ने उनसे बातचीत की और उनकी जानकारी जुटाई, तो पता चला कि वह नॉर्वे के एक नगरपालिका के मेयर हैं। इस अनोखे अंदाज ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया है।
वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर @chintan__matiya नाम के हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में गुजरात के रहने वाले चिंतन मटिया एक विदेशी व्यक्ति के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात गुजरात के लिमड़ी इलाके में हुई और बाद में उन्हें पता चला कि उनके साथ मौजूद व्यक्ति नॉर्वे के पॉर्सांगर म्यूनिसिपैलिटी के मेयर जो इंग हेसेविक (Jo Inge Hesjevik) हैं।
61 विदेशी 37 टुकटुक से घूम रहे भारत
रिपोर्ट के मुताबिक, नॉर्वे के मेयर जो इंग हेसेविक अकेले भारत यात्रा पर नहीं आए हैं। करीब 61 विदेशी यात्री 37 टुकटुक ऑटो-रिक्शा के जरिए भारत के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर रहे हैं। यह यात्रा एडवेंचर ट्रिप के तौर पर आयोजित Rickshaw Run India का हिस्सा है।
जानकारी के मुताबिक इस यात्रा की शुरुआत 26 सितंबर को जैसलमेर से हुई थी और इसका समापन 9 अक्टूबर को फोर्ट कोच्चि में होना है। इस दौरान प्रतिभागी ऑटो-रिक्शा से भारत के अलग-अलग इलाकों से होकर गुजर रहे हैं।
गुजरात के लिमड़ी में दिखे नॉर्वे के मेयर
वायरल वीडियो में जो इंग हेसेविक गुजरात के लिमड़ी में अपने टुकटुक के साथ दिखाई देते हैं। वीडियो बनाने वाले युवक ने बताया कि पहले उन्हें यह सामान्य विदेशी पर्यटक लगे, लेकिन जब उन्होंने इंटरनेट पर उनकी प्रोफाइल देखी तो पता चला कि वह नॉर्वे के राजनेता और मेयर हैं।
वीडियो में स्थानीय युवक नॉर्वे के मेयर की सादगी की तारीफ करता है। वह बताता है कि विदेश से आए होने के बावजूद हेसेविक भारत में किसी लग्जरी वाहन के बजाय टुकटुक से यात्रा कर रहे हैं। इसी वजह से वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
1400 किलोमीटर का सफर कर चुके हैं
जो इंग हेसेविक ने अपनी भारत यात्रा से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं। एक पोस्ट के मुताबिक वह जैसलमेर से आगे ऑटो-रिक्शा के जरिए करीब 1400 किलोमीटर का सफर तय कर चुके थे और आगे बंगाल के दक्षिणी हिस्से तक पहुंचने के लिए करीब 2900 किलोमीटर की यात्रा बाकी थी।
उनकी यात्रा के दौरान ऑटो-रिक्शा को लेकर भी कई दिलचस्प अनुभव सामने आए। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि गोवा से निकलते समय उनके ऑटो का एक साइड मिरर टूट गया था और कुछ पुर्जे भी ढीले हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी।
भारत को करीब से समझने का अनोखा तरीका
इस यात्रा के जरिए विदेशी पर्यटक भारत को सामान्य पर्यटन से अलग तरीके से देखने और समझने की कोशिश कर रहे हैं। ऑटो-रिक्शा से सफर करते हुए उन्हें शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों, स्थानीय सड़कों और रोजमर्रा के भारतीय जीवन को करीब से देखने का मौका मिल रहा है।
नॉर्वे के मेयर का ऑटो चलाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी और स्थानीय संस्कृति को करीब से अनुभव करने के अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


