लखनऊ, 14 सितंबर। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह सोमवार को लखनऊ के ईको गार्डन पहुंचे, जहां पंचायत सहायक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। संजय सिंह ने पंचायत सहायकों के आंदोलन को आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया और उनकी मांगों के समर्थन में पत्र भी सौंपा।
₹6 हजार नहीं, ₹30 हजार हो मानदेय
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के गांवों में पंचायत सहायक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। उनके मुताबिक, पंचायत सहायकों से 29 विभागों से जुड़े कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें महज 6 हजार रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जा रहा है।
उन्होंने योगी सरकार से पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। संजय सिंह ने कहा कि गांवों में पढ़े-लिखे और अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं से बेहद कम मानदेय पर काम कराया जा रहा है, जो उनके साथ अन्याय है।
आप सांसद ने भाजपा नेताओं और अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर 6 हजार रुपये की राशि पर्याप्त है तो मंत्री, विधायक और अधिकारी अपने बच्चों को भी इतनी ही राशि में पंचायत सहायक की नौकरी कराकर दिखाएं।
सरकार पर युवाओं की अनदेखी का आरोप
संजय सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने के लिए पैसा है, लेकिन जब युवाओं और कर्मचारियों के अधिकारों की बात आती है तो खजाना खाली होने का हवाला दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को पर्याप्त रोजगार और सम्मानजनक आय नहीं मिल रही है। संजय सिंह ने अग्निवीर योजना और सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
लाठी और मुकदमों से नहीं डरने की अपील
धरने पर बैठे पंचायत सहायकों का हौसला बढ़ाते हुए संजय सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों की लड़ाई शांतिपूर्ण और संगठित तरीके से जारी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन करने वालों को दबाव या मुकदमों से डरने की जरूरत नहीं है।
संजय सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों और जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए कहा कि संघर्ष के दौरान आने वाली चुनौतियों से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने पंचायत सहायकों को भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी उनके संघर्ष में हर कदम पर साथ खड़ी रहेगी।
राज्यसभा में मुद्दा उठाने का भरोसा
संजय सिंह ने कहा कि संसद का आगामी सत्र शुरू होते ही पंचायत सहायकों के मानदेय और अधिकारों का मुद्दा राज्यसभा में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों की मांगों को लेकर पार्टी उनके साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की आवाज संसद तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश सिंह पटेल, मनोज मिश्रा, वैभव प्रकाश, लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी समेत आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर: दीप सिंह, लखनऊ मुख्य संवाददाता, दैनिक रुस्तम-ए-हिंद
रिपोर्टर; गरिमा छाबड़ा, विशेष रिपोर्टर, विपणन प्रबंधक, जनसंपर्क प्रबंधक
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

