Punjab Bandh 2026: पंजाब बंद आज, बाजार-स्कूल और बस सेवाएं प्रभावित; जानें क्या रहेगा खुला
जागरण संवाददाता, पंजाब टीम। बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया है। बंद का असर सुबह सात बजे से ही कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। पंजाब बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रस्तावित है। इस दौरान बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, निजी स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हो सकते हैं।
घर से निकलने से पहले लोग अपने क्षेत्र की स्थिति और यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें। बंद के दौरान अस्पताल, मेडिकल स्टोर, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक आपात सेवाओं को छूट दी गई है। हालांकि बसों और सार्वजनिक परिवहन की आवाजाही प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रदर्शन या धरने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
जालंधर में धरना, गुरु नानक मिशन चौक पर ट्रैफिक प्रभावित
जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पर कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने धरना लगाकर ट्रैफिक बंद कर दिया है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
क्यों बुलाया गया है पंजाब बंद?
कौमी इंसाफ मोर्चा लंबे समय से जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई की मांग कर रहा है। इसके अलावा जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने और 15 अगस्त को चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की मांग भी की जा रही है।
15 अगस्त को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। इसके बाद कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) समेत कुछ अन्य संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया है। वहीं पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने बंद का विरोध किया है। उनका कहना है कि वह जगतार सिंह हवारा की पैरोल के विरोध में नहीं हैं, लेकिन बंद के कारण श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी हो सकती है।
Punjab Bandh 2026 के दौरान यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक गैरजरूरी यात्रा से बचें।
- बठिंडा में प्रस्तावित सात धरना स्थलों वाले मार्गों पर जाने से पहले स्थिति की जानकारी लें।
- लंबी दूरी की यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग चुनें।
- बस से यात्रा करने वाले लोग संचालन की स्थिति पहले पता कर लें।
- मरीज, बुजुर्ग और जरूरी काम से निकलने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर चलें।
- किसी मार्ग पर धरना या जाम मिलने पर पुलिस के निर्देश के अनुसार वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करें।
क्या-क्या खुला रहेगा?
Punjab Bandh 2026 के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर और अन्य जरूरी आपात सेवाओं को छूट दी गई है। मरीजों, बुजुर्गों और जरूरी काम से जाने वाले लोगों को राहत देने की व्यवस्था रहेगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी रास्ता देने की व्यवस्था की जाएगी।
बंद के कारण बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, निजी स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक परिवहन पर असर पड़ सकता है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपने क्षेत्र में बंद और ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। रिपोर्टर।; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब

