सेवा संकल्प अभियान की मशाल यात्रा में हादसा
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा के दौरान अचानक हादसा हो गया। गांधीनगर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम के बाद बीजेपी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए थे। इसी दौरान मोहान विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक बृजेश रावत हादसे की चपेट में आ गए।
मशाल से गिरा जलता ईंधन
मिली जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान श्रीरामलीला मैदान के पास भीड़ और धक्कामुक्की के बीच मशाल का जलता हुआ ईंधन नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से विधायक बृजेश रावत के दोनों हाथ झुलस गए। विधायक की मदद करने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता मिलन पांडेय भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए।
विधायक बृजेश रावत ने इलाज के बाद बताया कि मशाल में अत्यधिक केमिकल होने की वजह से उनके हाथ झुलसे। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिला अस्पताल में कराया गया इलाज
हादसे के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक बृजेश रावत और मिलन पांडेय को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक दोनों के हाथ झुलसे हैं और उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य एवं खतरे से बाहर बताई गई।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने विधायक का हाल जाना और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
यात्रा के दौरान मंत्री के पास भी हुई घटना
यात्रा के दौरान गांधीनगर तिराहे पर मशाल की चिंगारी से सूखी घास में आग लगने की भी जानकारी सामने आई है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान जिले की प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी की साड़ी में आग लगने की बात सामने आई। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने मंत्री की साड़ी में आग लगने की घटना से इनकार करते हुए उनके पूरी तरह सुरक्षित होने की बात कही।
पीएम मोदी के लाइव टेलीकास्ट के बाद शुरू हुई यात्रा
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा ज्योति यात्रा शुरू की। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को लेकर संदेश दिया गया।
पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, आम लोगों को करीब दो घंटे तक जाम की परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


