UP Police Sports Quota: 470 खिलाड़ियों को मिलेगी पुलिस में नौकरी, CM योगी आज सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
43 उप निरीक्षक और 427 आरक्षी होंगे नियुक्त
कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। इनमें 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं। इस तरह कुल 470 खिलाड़ियों को पुलिस सेवा से जोड़ा जाएगा।
खेल प्रतिभाओं को रोजगार देने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में ऐसी खेल संस्कृति विकसित की जा रही है, जिसमें मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान के साथ रोजगार और राष्ट्र सेवा का अवसर भी मिले। सरकार का जोर खिलाड़ियों को सुरक्षित भविष्य से जोड़ने पर है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक वर्ष 2017 के बाद से विभिन्न सरकारी विभागों में 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की जा चुकी है। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
पुलिस में खेल सुविधाओं का भी विस्तार
470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र देने के साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस में खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। इनमें लखनऊ की 35वीं वाहिनी पीएसी में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का पुनर्निर्माण और 150 खिलाड़ियों की क्षमता वाले स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड और 150 खिलाड़ियों की क्षमता वाले स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। गाजियाबाद में भी पुलिस खिलाड़ियों के लिए इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कबड्डी ग्राउंड जैसी सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए रोजगार का नया रास्ता
कुशल खिलाड़ी कोटा ऐसे खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्ति के साथ इन खिलाड़ियों को खेल जारी रखने और विभागीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा।
सरकार का कहना है कि खेल प्रतिभाओं को रोजगार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए नई प्रतिभाओं को तैयार करने में मदद मिलेगी।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

