IND vs SL 2nd Test: यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो में तीखी झड़प, विकेट के बाद मैदान पर गरमाया माहौल
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच विकेट गिरने के बाद तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए और स्थिति हाथापाई तक पहुंचती नजर आई, जिसके बाद साथी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव किया।
एक ओवर में लगाए तीन चौके, फिर फर्नांडो ने किया आउट
यशस्वी जायसवाल कोलंबो टेस्ट में अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने असिथा फर्नांडो के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए और श्रीलंकाई गेंदबाज पर दबाव बनाया।
लेकिन उसी ओवर की आखिरी गेंद पर फर्नांडो ने वापसी करते हुए जायसवाल को बोल्ड कर दिया। जायसवाल 53 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 9 चौके शामिल थे।
विकेट लेते ही फर्नांडो ने दिया आक्रामक सेंड ऑफ
जायसवाल का विकेट लेने के बाद फर्नांडो ने जोरदार तरीके से जश्न मनाया और भारतीय बल्लेबाज की तरफ आक्रामक अंदाज में सेंड ऑफ दिया। जायसवाल पहले तो पवेलियन की ओर बढ़े, लेकिन कुछ कदम बाद वह पलटकर फर्नांडो की ओर आ गए।
इसके बाद दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई। दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के काफी करीब पहुंच गए और शारीरिक संपर्क भी हुआ।
दोनों के बीच बढ़ी गर्मागर्मी, खिलाड़ियों ने कराया अलग
मामला बढ़ता देख श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा समेत दोनों टीमों के खिलाड़ी तुरंत बीच में पहुंचे। उन्होंने जायसवाल और फर्नांडो को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और क्रिकेट फैंस के बीच इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है।
भारत को लगा दूसरा झटका
जायसवाल का विकेट भारत के लिए 66 रन के स्कोर पर गिरा। इससे पहले केएल राहुल 18 रन बनाकर लाहिरू कुमारा का शिकार हुए थे।
लंच तक भारत ने 25 ओवर में 2 विकेट खोकर 88 रन बनाए थे। यशस्वी जायसवाल 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि देवदत्त पडिक्कल और कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद थे।
पहले टेस्ट में भारत ने हासिल की थी बढ़त
भारत और श्रीलंका के बीच यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला है। भारत ने गाले में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। अब भारतीय टीम कोलंबो टेस्ट जीतकर सीरीज 2-0 से अपने नाम करना चाहेगी।
मैदान पर जायसवाल और फर्नांडो के बीच हुई यह घटना पहले दिन के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गई है। अब देखना होगा कि मैच के आगे बढ़ने के साथ दोनों खिलाड़ियों के बीच यह गर्मागर्मी आगे भी देखने को मिलती है या नहीं।
रिपोर्टर ; अमनदीप सिंह, मुख्य संवाददता लुधियाना

