टिकरी कलां में CNG पंप पर जोरदार धमाका, 3 लोगों की मौत
दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को CNG पंप पर सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद ट्रक में आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक में सिलेंडर लोड थे और CNG पंप पर रिफिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक धमाका हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
रिफिलिंग के दौरान हुआ धमाका
पुलिस के अनुसार, CNG रिफिलिंग के दौरान पंप पर मौजूद एक व्यक्ति भी धमाके की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आग पर काबू पाने के साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
दोपहर 3:46 बजे मिली सूचना
फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना बुधवार दोपहर करीब 3 बजकर 46 मिनट पर मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंची टीमों ने आग बुझाने और राहत कार्य शुरू किया।
तीन लोग अस्पताल में भर्ती
पुलिस के मुताबिक, हादसे में कई लोग घायल हुए थे। इनमें से तीन लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि CNG सिलेंडर में धमाका किस वजह से हुआ और रिफिलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना CNG रिफिलिंग के दौरान हुई, हालांकि धमाके की सटीक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपोर्टर: जसलीन कौर

