देहरादून रेलवे स्टेशन पर लगीं ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीनें, अब तय कीमत पर मिलेगा पानी-चिप्स
देहरादून: रेलवे यात्रियों को स्टेशन पर पानी, चिप्स और अन्य खाने-पीने की चीजों के लिए अधिक कीमत चुकाने की शिकायतों से राहत देने के लिए देहरादून रेलवे स्टेशन पर नई सुविधा शुरू की गई है। दून टर्मिनल के प्लेटफॉर्म नंबर 1-2 और 3-4 पर दो आधुनिक ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों के जरिए यात्री तय कीमत पर अपनी पसंद का सामान खरीद सकेंगे।
टच स्क्रीन से चुन सकेंगे सामान
देहरादून रेलवे स्टेशन पर लगाई गई वेंडिंग मशीनें पूरी तरह ऑटोमैटिक हैं। इनमें टच स्क्रीन की सुविधा दी गई है। यात्री स्क्रीन पर अपनी पसंद का सामान चुन सकते हैं। सामान का चयन करने के बाद उसकी निर्धारित कीमत स्क्रीन पर दिखाई देगी।
ऑनलाइन भुगतान करने के बाद चुना गया सामान मशीन से बाहर निकल जाएगा। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्रियों को सामान खरीदने से पहले उसकी कीमत की जानकारी मिल जाएगी। इससे ओवररेटिंग की शिकायतों पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
यात्रियों ने बताया राहत भरा कदम
बनारस की यात्रा कर रहे छात्र विकास कुमार पटेल ने रेलवे की इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि उन्हें भी कई बार रेलवे स्टेशनों पर सामान निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर खरीदना पड़ा है।
विकास कुमार के मुताबिक, कई बार 20 रुपये का चिप्स पैकेट 25 रुपये में और पानी की बोतल भी तय कीमत से अधिक में बेची जाती थी। यात्रा की मजबूरी में यात्रियों को अतिरिक्त पैसे देने पड़ते थे। उनका कहना है कि वेंडिंग मशीनों से अब यात्रियों को निर्धारित कीमत पर सामान खरीदने की सुविधा मिलेगी।
तकनीक बढ़ी तो रोजगार को लेकर भी सवाल
जहां यात्रियों को ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीनों की सुविधा पसंद आ रही है, वहीं इसके साथ स्थानीय रोजगार को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। यात्री अनुराग कुमार ने कहा कि विदेशों में सेल्फ-सर्विस मशीनों का इस्तेमाल आम है और भारत में भी तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल से यात्रियों को सामान खरीदने में आसानी हो रही है।
हालांकि, उनका कहना है कि यदि बड़ी निजी कंपनियों की मशीनें रेलवे स्टेशनों पर अधिक जगह लेने लगती हैं, तो इसका असर स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों पर पड़ सकता है। ऐसे में तकनीक के साथ स्थानीय रोजगार का भी ध्यान रखना जरूरी है।
सुविधा के साथ रोजगार का भी रखा जाए ध्यान
स्थानीय लोगों का मानना है कि वेंडिंग मशीनों से यात्रियों को जल्दी और आसानी से सामान मिलेगा। साथ ही सामान की कीमत पहले से दिखाई देने के कारण ओवररेटिंग जैसी समस्या पर भी लगाम लग सकती है।
हालांकि, यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे को आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के साथ छोटे दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे यात्रियों को तय कीमत पर सामान मिले और स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी पर भी इसका प्रतिकूल असर न पड़े।
इस तरह देहरादून रेलवे स्टेशन पर शुरू की गई यह सुविधा यात्रियों के लिए राहत भरा कदम साबित हो सकती है। आने वाले समय में अगर इसका विस्तार दूसरे प्लेटफॉर्म और स्टेशनों तक किया जाता है, तो यात्रियों को ओवररेटिंग की समस्या से और अधिक राहत मिल सकती है। रिपोर्टर; चरणप्रीत सिंह, मुख्य संवाददता देहरादून

