Kaithal Snake Bite: कैथल में सांप के डसने से दो बच्चों की मौत, शुगर कालोनी में बेड पर चढ़कर डसा
जागरण संवाददाता, कैथल। जिले में सांप के डसने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों की मौत हो गई। पहली घटना करनाल रोड स्थित शुगर मिल कालोनी में हुई, जबकि दूसरी घटना गांव गदली में सामने आई। दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाओं की जानकारी जुटाई।
बेड पर चढ़ा सांप, 10 वर्षीय हर्ष को डसा
कैथल के करनाल रोड स्थित शुगर मिल कालोनी में रहने वाला 10 वर्षीय हर्ष बुधवार रात अपने परिवार के साथ बेड पर सो रहा था। इसी दौरान सांप बेड पर चढ़ गया और उसने बच्चे को डस लिया।
स्वजन के अनुसार, मकान के पीछे झाड़ियों का क्षेत्र है। आशंका है कि वहीं से सांप घर के अंदर आया। सांप ने हर्ष के पेट और बाजू पर डसा। कुछ देर बाद बच्चे ने अपनी मां को बताया कि उसे चूहे ने काट लिया है।
इसके बाद माता-पिता ने बच्चे को संभाला तो उन्हें बेड पर सांप दिखाई दिया। सांप देखकर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने बच्चे को बचाने के लिए अपने स्तर पर इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिवार के लोग हर्ष को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
हर्ष के ताऊ विनोद ने बताया कि उनका 10 वर्षीय भतीजा छठी कक्षा में पढ़ता था। सांप ने उसे शरीर पर दो जगह डसा था। परिवार के अनुसार, घटना के बाद बच्चे को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
चार महीने पहले पिता की हुई थी मौत
परिवार के लिए यह हादसा और भी दुखद है। हर्ष के पिता संजय की करीब चार महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अब परिवार में उसकी मां रीना और बड़ा भाई चिराग हैं। कम उम्र में हर्ष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव गदली में भी बच्चे की मौत
कैथल जिले के गांव गदली में भी सांप के डसने से एक बच्चे की मौत होने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है सांपों का खतरा
बारिश और जलभराव के दौरान सांप अक्सर सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, झाड़ियों और अन्य स्थानों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में लोगों को घर के आसपास साफ-सफाई रखने और झाड़ियों को समय-समय पर हटाने की सलाह दी जाती है। सांप के काटने की स्थिति में घरेलू उपचार के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द अस्पताल ले जाना जरूरी है।
कैथल में हुई इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर ग्रामीण और रिहायशी इलाकों में सांपों से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

