दिल्ली CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, 13,820 करोड़ के प्रोजेक्ट्स और सेवा संकल्प अभियान
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने सोमवार को अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान करीब 13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
दिल्ली CM रेखा गुप्ता के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को मेगा रक्तदान शिविर से होगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में एक दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा दिल्ली में करीब 25,000 वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण तथा स्वास्थ्य जांच के लिए भी विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य पात्र श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ना है।
यमुना सफाई पर 8,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट
सेवा संकल्प अभियान में यमुना की सफाई और पुनर्जीवन को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार के अनुसार, यमुना से संबंधित करीब 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास अभियान के दौरान किया जाएगा। दिल्ली के विभिन्न वार्डों और विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
पर्यावरण के क्षेत्र में ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ के तहत 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
70 विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे विशेष शिविर
अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर तीन-तीन दिन के विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों को केंद्र तथा दिल्ली सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।
पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराने और जरूरी सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी मदद दी जाएगी। इसके अलावा ‘सुशासन सेवा संवाद’ के जरिए नागरिकों को अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
छात्रों के लिए प्रतियोगिताएं, 5 लाख विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य
युवा पीढ़ी को अभियान से जोड़ने के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और रील बनाने जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सरकार का लक्ष्य करीब 5,000 स्कूलों के लगभग 5 लाख विद्यार्थियों को इन गतिविधियों से जोड़ना है।
दिल्ली सरकार के स्कूलों के अलावा निजी स्कूलों, नगर निगम, नई दिल्ली नगर परिषद और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
अंगदान को बढ़ावा देने के लिए SOTTO प्लेटफॉर्म
अभियान के दौरान दिल्ली के स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) प्लेटफॉर्म की शुरुआत भी की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों के बीच अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को अंगदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करना है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बाल देखभाल केंद्रों में रहने वाले बच्चों के लिए भी विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
21,350 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
दिल्ली सरकार के अनुसार, राजधानी में 10,897 आंगनवाड़ी केंद्र हैं, जहां करीब 21,350 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता काम कर रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इन सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली के लाभार्थी अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे।
13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर जोर
दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों की करीब 13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा। इनमें यमुना से जुड़ी परियोजनाओं के अलावा लोक निर्माण, बिजली, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण और अन्य क्षेत्रों की परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पिछले वर्षों में विकसित हुए प्रमुख बुनियादी ढांचे का भी उल्लेख किया। इनमें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यूईआर-2 जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और जनसेवा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्टर; जैस्मिन कौर, मुख्य संवाददता दिल्ली
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

