PDA में ‘P’ को पाकिस्तान बताने पर अखिलेश का योगी पर पलटवार, बोले- प्रेम, दया और अपनापन है असली मतलब
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के PDA में ‘P’ को पाकिस्तान से जोड़ने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि एकरंगी लोग पीडीए के बहुरंगों को नहीं समझ सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा घबराई हुई है, इसलिए पीडीए में ‘P’ की परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जितनी भाजपा की पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए मजबूत होगा। उन्होंने पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा कि इसका असली मतलब प्रेम, दया और अपनापन है।
‘एकरंगी क्या जानें, PDA के बहुरंग’
अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पीडीए की ताकत से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के अलग-अलग वर्गों को जोड़ने वाला विचार है और इसे किसी एक रंग या एक अर्थ तक सीमित नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से पीडीए की परिभाषा बदलने की कोशिश यह दिखाती है कि पार्टी विपक्ष के इस सामाजिक गठजोड़ को लेकर चिंतित है। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा जितना पीडीए पर हमला करेगी, उतना ही यह गठबंधन मजबूत होगा।
भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप
सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए कर रही है। उन्होंने भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की कथित लूट को भाजपा का मुख्य एजेंडा बताया।
अखिलेश यादव ने पीडीए समाज के लोगों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं और सरकार को इन मामलों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और चढ़ावा चोरी में शामिल बड़े लोगों को बचाने का काम किया गया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के कथित षड्यंत्र को विफल करने की ताकत समाजवादी पार्टी के पास है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पीडीए से जुड़े लोगों को एकजुट रहने का संदेश दिया।
पढ़िए योगी आदित्यनाथ का बयान
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीडीए को लेकर बयान दिया था। योगी ने कहा था कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है और पीडीए का ‘P’ एक दिन पाकिस्तान कर देगी।
योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए पार्टी को ‘गिद्ध’ बताया और कहा कि उसके बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने पीडीए में ‘P’ को लेकर सपा की राजनीति पर भी सवाल उठाया।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि सपा का ‘P’ कभी पिछड़ा था और बाद में पंडित हो गया। इसी बयान के बाद अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए पीडीए के ‘P’ का नया अर्थ बताते हुए इसे प्रेम, दया और अपनापन से जोड़ा।
यूपी की राजनीति में तेज हुई बयानबाजी
पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक को लेकर समाजवादी पार्टी लंबे समय से अपनी राजनीतिक रणनीति को धार देती रही है। वहीं, भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार सपा की इस रणनीति पर सवाल उठाते रहे हैं।
‘PDA’ को लेकर दोनों दलों के बीच जारी बयानबाजी ने उत्तर प्रदेश की सियासत को और गर्म कर दिया है। अखिलेश यादव के ताजा बयान के बाद अब भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है।
आने वाले समय में पीडीए, सत्ता के कथित दुरुपयोग, कानून-व्यवस्था और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को लेकर सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।
रिपोर्टर; दीप सिंह मुख्य, संवाददता लखनऊ

