नई दिल्ली, 10 सितंबर 2026। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भाजपा विधायक अनिल शर्मा के परिवार से जुड़े सत्य निकेतन-मोती बाग स्थित एक PG को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने गुरुवार को एमसीडी के साउथ जोन कार्यालय का घेराव किया और संबंधित PG का बिल्डिंग प्लान एवं नक्शा हासिल करने का दावा किया।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि संबंधित PG का निर्माण स्वीकृत बिल्डिंग प्लान और जमीन की रजिस्ट्री में दर्ज क्षेत्रफल से कहीं अधिक हिस्से में किया गया है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस मामले में जांच कराकर कार्रवाई करने और यदि निर्माण अवैध पाया जाता है तो बुलडोजर चलाने की मांग की।
230 वर्ग गज की रजिस्ट्री पर 400-500 गज निर्माण का आरोप
सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, एमसीडी ने वर्ष 2022 में जिस बिल्डिंग प्लान को मंजूरी दी थी, उसमें जमीन का क्षेत्रफल करीब 230 वर्ग गज बताया गया है। उन्होंने दावा किया कि जमीन की रजिस्ट्री में भी 230 वर्ग गज का ही उल्लेख है, जबकि संबंधित PG का निर्माण करीब 400 से 500 वर्ग गज के क्षेत्र में किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नियमों के तहत कुल क्षेत्रफल के करीब 75 फीसदी हिस्से में ही निर्माण की अनुमति थी और शेष हिस्सा खुला रखा जाना था। इसके बावजूद पूरी जगह को कवर करके निर्माण किए जाने का दावा किया गया है।
एमसीडी की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
आप नेता ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान इस इमारत को लेकर कई शिकायतें की गई थीं, लेकिन एमसीडी की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि राजनीतिक प्रभाव के कारण संबंधित बिल्डिंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली सरकार सत्य निकेतन क्षेत्र में किसी अन्य PG के खिलाफ अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई कर रही है, तो उसे इस मामले में भी समान कार्रवाई करनी चाहिए।
एमसीडी कार्यालय पहुंचकर मांगी जानकारी
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि वह पार्टी के पार्षदों के साथ ग्रीन पार्क स्थित एमसीडी साउथ जोन कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने आरके पुरम से भाजपा विधायक अनिल शर्मा से जुड़े बताए जा रहे PG का बिल्डिंग प्लान और नक्शा मांगा। उनके अनुसार, एमसीडी की ओर से 2022 में स्वीकृत बिल्डिंग प्लान उपलब्ध कराया गया।
आप नेता ने दावा किया कि दस्तावेजों में दर्ज क्षेत्रफल और मौके पर मौजूद निर्माण के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने इसी आधार पर बिल्डिंग को अनधिकृत बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में भी लगाए आरोप
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस मामले को उठाया। उन्होंने दावा किया कि सत्य निकेतन/मोती बाग स्थित PG की इमारत अपनी रजिस्ट्री में दर्ज जमीन से दोगुने से अधिक क्षेत्र में बनी है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मामले में जवाब देने और जांच के बाद कार्रवाई करने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज ने यह भी कहा कि संबंधित बिल्डिंग में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और कई मंजिलें हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राउंड फ्लोर का इस्तेमाल पार्किंग के बजाय कार्यालय के तौर पर किया जा रहा है और बेसमेंट में भी व्यावसायिक गतिविधि संचालित होने की बात कही।
विधायक अनिल शर्मा पहले बता चुके हैं बिल्डिंग को वैध
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने संबंधित इमारत को नियमित और स्वीकृत नक्शे के अनुसार बनी हुई बिल्डिंग बताया है। ऐसे में उन्होंने एमसीडी से बिल्डिंग प्लान और अन्य रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
रिपोर्टर; जैस्मिन कौर, मुख्य संवाददता दिल्ली
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

