घर के बाहर खेल रही थी दो साल की बच्ची
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची अचानक लापता हो गई। बच्ची के काफी देर तक दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो CCTV फुटेज में बच्ची एक महिला के साथ जाती हुई दिखाई दी।
CCTV में महिला के साथ जाती दिखी बच्ची
परिजनों ने CCTV फुटेज देखकर महिला की पहचान गांव निवासी अमरूल खान की बेटी सबिना उर्फ सुमी खातून के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने सबिना के साथ उसकी मां और भाई को भी हिरासत में ले लिया। तीनों से बच्ची के लापता होने को लेकर पूछताछ की जा रही है।
बच्ची की दादी के मुताबिक, वह बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर घर पहुंची थीं। इसी दौरान सबिना वहां आई और कथित तौर पर बताया कि बच्ची की मां उसे बुला रही है और उसे घास लाने जाना है। दादी कुछ देर के लिए बाथरूम चली गईं। इसी दौरान आरोप है कि सबिना बच्ची को अपने साथ लेकर चली गई।
कुछ देर बाद अकेली वापस लौटी महिला
परिजनों के मुताबिक, कुछ समय बाद सबिना अकेली वापस लौटी। जब दादी ने बच्ची के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर बताया कि बच्ची को दुकान से कुरकुरे दिलाने के बाद अपने दरवाजे पर छोड़ दिया था।
जब वहां बच्ची नहीं मिली तो परिवार की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद गांव के अलग-अलग हिस्सों में बच्ची की तलाश शुरू की गई।
अलग-अलग जगहों पर तलाश, लेकिन नहीं मिला सुराग
पुलिस पूछताछ के दौरान सबिना ने बच्ची के अलग-अलग स्थानों पर होने की जानकारी दी। पुलिस टीम उन जगहों पर पहुंची और तलाशी ली, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बसवारी इलाके में भी तलाश अभियान चलाया गया।
बच्ची के लापता होने की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मझौलिया थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस से बच्ची को जल्द बरामद करने की मांग की।
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया
मझौलिया थाना प्रभारी अमर कुमार के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज, पूछताछ और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। महिला, उसकी मां और भाई से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि बच्ची की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्ची महिला के साथ कहां तक गई और उसके बाद उसके साथ क्या हुआ। इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
बच्ची की बरामदगी के लिए जारी है तलाश
पुलिस आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश के साथ CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है। बच्ची के लापता होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से भी मामले से जुड़ी किसी जानकारी के बारे में तत्काल सूचना देने की अपील की है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


