गाजियाबाद में शादी के कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी के रिश्ते में विवाद खड़ा हो गया। वैशाली सेक्टर-2 निवासी अभिनव खंडेलवाल ने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। पति का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद पत्नी ने उसे पति मानने से इनकार कर दिया और कहा कि वह किसी अन्य युवक से प्यार करती है और उसके साथ रहना चाहती है। इसके बाद पत्नी के मायके पक्ष की ओर से दो लाख रुपये और जमीन के कागजात उसके नाम करने की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मांग पूरी नहीं करने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। मामला महिला थाने में काउंसलिंग के स्तर पर चल रहा है।
मई में तय हुआ था रिश्ता
कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली इलाके में रहने वाले अभिनव के मुताबिक, मई 2026 में सद्दाम और रिजवान नाम के बिचौलियों के माध्यम से पानीपत निवासी रानी से उसका रिश्ता तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 14 मई को गोद भराई की रस्म हुई। इसके बाद 11 जुलाई को कौशांबी क्षेत्र में दोनों की शादी हुई। अभिनव के अनुसार, शादी में दोनों परिवारों की ओर से करीब चार लाख रुपये खर्च किए गए।
शादी के कुछ दिन बाद शुरू हुआ विवाद
अभिनव का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद ही रानी के व्यवहार में बदलाव आने लगा और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पति के आरोप के मुताबिक, पत्नी ने कहा कि वह अपनी मर्जी से रहेगी और उसे रोक-टोक पसंद नहीं है। जब परिवार की ओर से इस बात का विरोध किया गया तो कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
‘पति को नहीं मानती, किसी और से प्यार करती हूं’
अभिनव ने 21 जुलाई की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि परिवार के साथ खाटू श्याम दर्शन के दौरान रानी और उसकी बहन रेनू के साथ विवाद हुआ। परिवार ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया।
इसके बाद 25 जुलाई को घर पर शादी का शगुन लेने किन्नर समाज के लोग पहुंचे थे। पति का आरोप है कि रानी कमरे से बाहर नहीं आई और इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। अभिनव के मुताबिक, पत्नी ने कथित तौर पर कहा कि वह उसे अपना पति नहीं मानती और किसी अन्य युवक से प्यार करती है।
पुलिस तक पहुंचा मामला
विवाद बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी वैशाली लेकर गई। शुरुआती तौर पर मामले को पारिवारिक विवाद मानते हुए दोनों पक्षों को अपने-अपने घर भेज दिया गया। इसके बाद अभिनव का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने मायके चली गई।
पति के मुताबिक, वहां से पत्नी की मां और भाई की ओर से फोन आया और दो लाख रुपये तथा जमीन के कागजात रानी के नाम करने की मांग की गई। मांग पूरी नहीं करने पर परिवार को धमकी दिए जाने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है।
मायके जाकर पत्नी को वापस लाने की कोशिश
अभिनव ने बताया कि 2 अगस्त को वह अपने माता-पिता के साथ पत्नी को समझाने और वापस लाने के लिए उसके मायके पानीपत गया था। आरोप है कि वहां पत्नी की मां, भाई और बिचौलिये ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा रानी को वापस भेजने से इनकार कर दिया।
इसके बाद अभिनव ने कौशांबी थाने में शिकायत दी। कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने पुलिस आयुक्त से दोबारा शिकायत की है।
पुलिस ने क्या कहा?
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, पति-पत्नी के विवाद की शिकायत पहले भी पुलिस को मिली थी और दोनों की महिला थाने में काउंसलिंग कराई गई थी। अब पति की ओर से दोबारा शिकायत दी गई है। मामले की सुनवाई महिला थाने में चल रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

