भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, 8 खिलाड़ी बाहर, एशियन गेम्स में भी यही टीम
अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम चुनी है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं संजू सैमसन की टी20 टीम में वापसी हुई है और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी स्क्वाड में जगह मिली है।
सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला टी20 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को होगा। खास बात यह है कि यही 15 सदस्यीय टीम इस महीने के आखिर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
श्रेयस अय्यर संभालेंगे टीम की कमान
बीसीसीआई ने इस टी20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी है। तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे बल्लेबाजी विकल्प मौजूद हैं।
संजू सैमसन की वापसी इस टीम की सबसे बड़ी खबरों में से एक है। उन्हें विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है। उनके साथ ईशान किशन भी विकेटकीपिंग का विकल्प हैं।
महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में बरकरार रखा गया है। टीम मैनेजमेंट ने इस युवा बल्लेबाज पर एक बार फिर भरोसा जताया है। वह अभिषेक शर्मा के साथ टीम के प्रमुख युवा बल्लेबाजी विकल्पों में शामिल हैं।
बुमराह समेत 4 खिलाड़ियों का चयन फिटनेस के अधीन
टीम में जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा को शामिल किया गया है, लेकिन इन चारों की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी। यानी फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही इन खिलाड़ियों की प्लेइंग-11 में एंट्री तय होगी।
गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के अलावा हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई जैसे विकल्प हैं। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर टीम को ऑलराउंड विकल्प देते हैं।
पिछली टीम से 8 खिलाड़ी बाहर
इस बार भारतीय टी20 टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछली टीम से 8 खिलाड़ियों को बाहर रखा गया है।
इनमें रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों की जगह टीम में कुछ अनुभवी चेहरों के साथ युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत दिखाई दे रहा है।
भारत की पूरी टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा*.**
* फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन।
अफगानिस्तान की टीम भी तैयार
भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की टीम की घोषणा पहले ही हो चुकी है। टीम की कमान इब्राहिम जादरान संभालेंगे। उनके अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी और राशिद खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं।
अफगानिस्तान के स्क्वाड में नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी और नवीन-उल-हक जैसे गेंदबाज भी शामिल हैं।
तीनों मुकाबले दिल्ली में होंगे
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी20 मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
- पहला टी20: 13 सितंबर 2026
- दूसरा टी20: 15 सितंबर 2026
- तीसरा टी20: 17 सितंबर 2026
सीरीज 17 सितंबर को खत्म होगी, जिसके बाद यही भारतीय टीम एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना होगी।
एशियन गेम्स की तैयारी भी इसी टीम से
इस सीरीज को सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। भारतीय टीम के लिए यह एशियन गेम्स की तैयारी का भी अहम हिस्सा है। भारत ने इससे पहले जून में अफगानिस्तान को टेस्ट और वनडे सीरीज में मात दी थी। अब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली नई टी20 टीम के सामने उसी दबदबे को बरकरार रखने की चुनौती होगी।
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज में टीम इंडिया की नजर सीरीज जीतने के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने पर भी होगी। युवा वैभव सूर्यवंशी और वापसी करने वाले संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी फैन्स की खास नजर रहेगी।
रिपोर्टर; चरणप्रीत सिंह, मुख्य संवाददता देहरादून

