Jhansi Lover Chanchal Murder: बेटी की हत्या से टूट गई मां, बोली- एनकाउंटर नहीं, हत्यारे को चाहिए फांसी
झांसी, 8 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के झांसी में 19 वर्षीय युवती चंचल की गोली मारकर हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटना के करीब पांच से छह घंटे के भीतर आरोपी कमल रायकवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर में हुई। बुधवार दोपहर चंचल घर में अकेली थी। आरोप है कि कमल दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और चंचल के सिर में गोली मारकर फरार हो गया। जब परिजन घर पहुंचे तो चंचल खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शादी कहीं और तय होने से नाराज था आरोपी
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि कमल और चंचल के बीच प्रेम संबंध था। परिवार को दोनों के रिश्ते की जानकारी थी। बाद में चंचल की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी।
पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था और वह लगातार चंचल से मिलने की कोशिश कर रहा था। घटना वाले दिन वह कथित तौर पर चंचल के घर पहुंचा और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
चाचा से कहा- चंचल को गोली मार दी है
हत्या के बाद आरोपी कमल के चंचल के परिवार के एक सदस्य से मिलने की बात भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार कमल ने चंचल के चाचा मोनू से कहा कि उसने चंचल को गोली मार दी है। इसके बाद परिवार के लोग सिद्धेश्वर नगर स्थित घर पहुंचे, जहां चंचल का शव पड़ा था।
पुलिस ने हत्या के बाद आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की थीं। पुलिस के मुताबिक तलाश के दौरान आरोपी की लोकेशन का पता चला। घेराबंदी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मां ने कहा- एनकाउंटर से नहीं मिला इंसाफ
चंचल की मां सपना बेटी की हत्या के बाद बदहवास हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को पकड़कर कार्रवाई की है, लेकिन उन्हें इससे संतुष्टि नहीं मिली है। उनका कहना है कि वह अपनी बेटी के हत्यारे के लिए सिर्फ फांसी की सजा चाहती हैं।
मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि बेटी की हत्या करने वाले को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पिता ने पुलिस कार्रवाई को बताया सही
चंचल के पिता सोनू ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटे में आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन परिवार को अभी पूरा न्याय नहीं मिला है। उन्होंने भी आरोपी को फांसी देने की मांग की है।
चंचल की शादी पिछले महीने बबीना के खैलार क्षेत्र में तय होने की बात सामने आई है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और दो दिन पहले ही दूल्हे को दी जाने वाली गाड़ी खरीदकर घर लाई गई थी। इसी बीच बेटी की हत्या से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस ने बरामद किया तमंचा और कारतूस
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


