Lucknow Murder Case: बैंक अफसर पत्नी की हत्या के बाद पति ने बहन को मारी गोली, फिर खुद को भी गोली मारी
Subtitle
लखनऊ में बैंक अफसर दिव्या मिश्रा की उसके पति मानस ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी घर पहुंचा और अपनी बहन शीबा बाजपेई को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Lucknow Murder Case में लखनऊ से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक बैंक कर्मचारी ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। बहन की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक महिला की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है। वह ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और आलमबाग इलाके में रहती थीं। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उनके पति मानस ने उन्हें फोन करके बैंक के बाहर बुलाया था।
बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया
जानकारी के मुताबिक, मानस कार से ICICI बैंक के बाहर पहुंचा और फोन करके दिव्या को ऑफिस से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक के कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दिव्या को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
एक साल पहले तलाक की अर्जी
बताया जा रहा है कि दिव्या और मानस के रिश्ते में काफी समय से तनाव चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले अपने पति मानस से तलाक लेने के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी।
पुलिस अब दोनों के वैवाहिक विवाद और तलाक की कार्यवाही से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा मानस
दिव्या की हत्या करने के बाद मानस सीधे अपने घर की ओर चला गया। उसका घर हुसड़िया चौराहे के पास किराए पर बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। उसकी बहन शीबा बाजपेई भी उसके साथ रहती थी। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
इसके बाद पता चला कि मानस ने अपनी बहन शीबा को भी गोली मार दी थी। बहन को गोली मारने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
दुकान मालिक ने बताई आखिरी मुलाकात
मानस के घर के पास फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले लवकुश ने घटना को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 12:30 बजे मानस अचानक वहां पहुंचे थे।
लवकुश के मुताबिक, मानस काफी पसीने से भीगे हुए थे। घर के अंदर जाने के बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाज सुनाई दी।
इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। लवकुश ने बताया कि उन्हें इससे ज्यादा जानकारी नहीं है।
मानस SBI में करता था काम
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, मानस के माता-पिता नहीं हैं। वह बैंकिंग क्षेत्र में काम करता था और SBI में कर्मचारी बताया जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी जिसके चलते मानस ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बहन की हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मार ली।
फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि पत्नी की हत्या से लेकर आरोपी के घर पहुंचने तक की पूरी गतिविधि का पता लगाया जा सके।
पुलिस दिव्या और मानस के बीच चल रहे विवाद, तलाक की अर्जी, घटना के समय दोनों के बीच हुई बातचीत और आरोपी की गतिविधियों समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है।
दोहरे हत्याकांड से इलाके में हड़कंप
एक ही दिन में पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या और उसके बाद खुद को गोली मारने की इस घटना से लखनऊ में सनसनी फैल गई है। सबसे पहले बैंक के बाहर दिव्या की हत्या हुई और कुछ ही समय बाद घर में शीबा की हत्या की जानकारी सामने आई।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वारदात के पीछे मुख्य वजह क्या थी और घटना से पहले मानस की गतिविधियां कैसी थीं।
रिपोर्टर ;दीप सिंह मुख्य, संवाददता लखनऊ

