समय रैना सम्मान पर भड़के सुनील पाल, बोले- ‘घोर कलयुग आ गया है’, फडणवीस पर कसा तंज
मुंबई, 27 अगस्त 2026। कॉमेडियन सुनील पाल ने एक बार फिर समय रैना के साथ अपनी पुरानी तनातनी को लेकर बयान दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा समय रैना को सम्मानित किए जाने के बाद सुनील पाल ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सम्मान दिए जाने के तरीके पर सवाल उठाते हुए सरकार और समय रैना पर तंज कसा।
समय रैना के सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील पाल ने कहा, “घोर कलयुग आ गया है, घोर कलयुग।” इसके बाद उन्होंने समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ और उससे जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
‘कॉमेडियन बनो, गालियां दो और फिर सम्मान पाओ’
सुनील पाल ने तंज कसते हुए कहा कि आज के दौर में कॉमेडियन बनो, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करो, पुलिस केस में फंसो, विवाद खड़ा करो और सुर्खियां बटोरों, और आखिर में सम्मान भी हासिल कर लो।
उनके इस बयान को समय रैना के पुराने विवादों से जोड़कर देखा जा रहा है। समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर पहले भी काफी विवाद हो चुका है। शो में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद मामला पुलिस और कानूनी कार्रवाई तक पहुंचा था।
समय रैना को सम्मान मिलने पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा समय रैना को सम्मानित किए जाने के बाद सुनील पाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने इस सम्मान को लेकर सवाल खड़े किए और इशारों-इशारों में महाराष्ट्र सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा।
पाल का कहना था कि जिस व्यक्ति से विवाद जुड़े रहे हों और जिसके कंटेंट को लेकर पुलिस केस तक हुआ हो, उसे सम्मान दिए जाने का संदेश क्या जाता है, इस पर विचार किया जाना चाहिए।
देवेंद्र फडणवीस और नरेंद्र मोदी पर भी तंज
सुनील पाल ने अपनी बात को राजनीतिक रंग देते हुए कहा, “हे देवेंद्र, हे नरेंद्र, क्या हो रहा है, सब देख रही हैं इंदिरा…” उनके इस बयान को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राजनीतिक तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
पाल के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स ने उनके पुराने विवाद को फिर से उठाने पर सवाल किए हैं।
सुनील पाल और समय रैना की पुरानी तनातनी
सुनील पाल और समय रैना के बीच पहले भी सार्वजनिक रूप से मतभेद सामने आ चुके हैं। दोनों कॉमेडियनों की कॉमेडी और कंटेंट को लेकर अलग-अलग मौकों पर बयानबाजी देखने को मिली है।
अब समय रैना को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सम्मान मिलने के बाद सुनील पाल की प्रतिक्रिया ने पुराने विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
फिलहाल, सुनील पाल के इस बयान पर समय रैना की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर दोनों कॉमेडियनों से जुड़ा यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है।
रिपोर्टर; सतविंदर, कौर मुख्य संवाददाता हरियाणा

